डॉ. अम्बेडकर कल्याण छात्रावास में किया छात्रों को किया सम्बोधित
पैदल ही सड़क पर चल पड़े राहुल गाँधी, पुलिस ने मनाने की कोशिश की

बिहार की पुलिस ने मुझे रोकने की कोशिश की, लेकिन वो मुझे नहीं रोक पाए
दरभंगा। गुरुवार सुबह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बिहार के दरभंगा में मोगलपुरा स्थिति डॉ. अम्बेडकर कल्याण छात्रावास पहुंचे और छात्रों को संबोधित किया। दरभंगा जिला प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के बावजूद वे छात्रावास पहुंचे। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तनावपूर्ण माहौल रहा। इस मौके पर राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र की सरकार सिर्फ 5 से 10 प्रतिशत लोगों के लिए काम कर रही है। 90 प्रतिशत लोगों से उनका कोई लेना देना नहीं है। आपके साथ 24 घंटे अत्याचार हो रहा है। आपके खिलाफ पेपर लीक हो रहा है। आपको बोलने नहीं दिया जा रहा है। हमने नरेंद्र मोदी से संसद में कहा- आपको जाति जनगणना करनी पड़ेगी। संविधान को माथे से लगाना पड़ेगा। दलित, पिछड़ा, अति पिछड़ों के हॉस्टल में क्या होता है, यह हम सब जानते हैं। बिहार में सरकार बनेगी तो यह सब बदल देंगे। बिहार की पुलिस ने मुझे रोकने की कोशिश की, लेकिन वो मुझे नहीं रोक पाए। क्योंकि आप लोगों की शक्ति मेरे साथ है। उधर कार्यक्रम स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच आमने-सामने की स्थिति बनी रही। कांग्रेस नेताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अंबेडकर छात्रावास के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
प्रशासन ने नहीं दी थी अनुमति
गुरुवार सुबह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का कार्यक्रम दरभंगा के मोगलपुरा स्थिति डॉ. अम्बेडकर कल्याण छात्रावास में था। इस कार्यक्रम को कराने के लिए जिला कल्याण पदाधिकारी से मोहम्मद सादाब अख्तर ने अनुमति मांगी थी लेकिन राहुल गांधी के इस कार्यक्रम की इजाजत नहीं दी गयी। दरभंगा के जिला कल्याण पदाधिकारी ने साफ तौर पर कह दिया है कि मोगलपुरा स्थित डॉ. अंबेडकर कल्याण छात्रावास में कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं होगा। इसकी अनुमति नहीं दी जाती है।
दरभंगा एयरपोर्ट पर ही प्रशासन ने रोकने की कोशिश की
दरभंगा एयरपोर्ट पर ही जब स्थानीय प्रशासन ने राहुल गांधी को रोकने की कोशिश की तब वह कांग्रेस नेताओं की सहयोग से गाड़ी में बैठकर अंबेडकर छात्रावास के पास पहुंच गए। लेकिन छात्रावास के नजदीक भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती देखकर राहुल गांधी कार से उतरे और पैदल ही अंबेडकर छात्रावास में चले गए। यहां उन्होंने कुछ मिनटों के लिए छात्रों से संवाद किया और पटना के लिए रवाना हो गए। उधर पुलिस प्रशासन ने पूरे इलाके में धारा 144 लागू कर रखी थी, इसके बाद भी राहुल गांधी अंबेडकर हॉस्टल में प्रवेश कर गए।
