Spread the love

नई दिल्ली। हांगकांग से दिल्ली आ रही एक फ्लाइट में ब़ड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश को आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस ने नाकाम कर दिया है। एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस (आईजीआई एयरपोर्ट) ऊषा रंगनानी के अनुसार, कहानी की शुरुआत 14 मई 2025 को हुई, जब एयर इंडिया की सिक्योरिटी और विजिलेंस टीम ने दिल्ली पुलिस को हांगकांग से नई दिल्ली आने वाली फ्लाइट एआई-315 में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना दी। पुलिस की टीम तुरंत टर्मिनल-3 के एराइवल हॉल पहुंची और एयर इंडिया स्टाफ व पैसेंजर्स की शिकायतों के आधार पर 4 चीनी नागरिकों को हिरासत में लिया गया था।
पैसेंजर्स में से एक प्रभात वर्मा (सीट नंबर 12सी) ने बताया कि केबिन क्रू ने ओवरहेड में रखे बैग को चेक करने के लिए कहा। बैग चेक करने पर पता चला कि उसके भीतर से उनका बैंक ऑफ अमेरिका का क्रेडिट कार्ड गायब था। प्रभात ने देखा कि सीट नंबर 14 सी पर एक संदिग्ध व्यक्ति बैठा था, जिसकी पहचान बाद में बेनलाई पैन के रूप में हुई। हैरानी की बात यह थी कि बेनलाई की टिकट सीट नंबर 23 सी के लिए थी, लेकिन वह 14 सी पर बैठा था। गायब क्रेडिट कार्ड सीट 14 सी के नीचे मिला। इसी तरह, सीट 14ए पर बैठीं प्राशी ने बताया कि उनकी मां का एचडीएफसी डेबिट कार्ड उनके बैग से गायब था। वहीं, फ्लाइट में मौजूद एक एक अन्य यात्री नफीज़ फातिमा ने पुलिस को एक वीडियो रिकॉर्डिंग दिखाई, जिसमें बेनलाई पैन को पैसेंजर्स के केबिन बैग खोलते और उनकी निजी चीजें टटोलते दिखाई दिया। आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस ने बिना देरी किए 30 वर्षीय बेनलाई पैन सहित उसके साथ मौजूद 3 अन्य चीनी नागरिक को हिरासत में ले लिया।
हिरासत में लिए गए तीन अन्य लोगों की पहचान मेंग ग्वांगयांग (51 वर्ष), चांग मांग (42 वर्ष), और लियू जी (45 वर्ष) के तौर पर की गई। इन चारों आरोपियों से पूछताछ शुरू की गई। पूछताछ में बेनलाई ने कबूल किया कि वह और उसके साथी एक संगठित गिरोह का हिस्सा हैं, जो इंटरनेशनल उड़ानों में चोरी करता है। उसने बताया कि वह लॉग डिस्टेंस वाली ट्रांजिट फ्लाइट्स बुक करते, ताकि उनके पास पैसेंजर्स के बैग तक पहुंचने का ज्यादा समय हो।
गिरोह के सदस्य अलग-अलग सीटों पर बैठते, ताकि एक साथ नजर न आएं। वे सोए हुए पैसेंजर्स के ओवरहेड में रखे बैग को निशाना बनाते थे और उनके बैग से कीमती सामान और कार्ड चुराते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से बैंक ऑफ अमेरिका का क्रेडिट कार्ड और कई बैग, वॉलेट, और इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किए हैं, जिनकी जांच जारी है। आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस ने बेनलाई को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके तीन साथियों से पूछताछ चल रही है। पुलिस पिछले 12 महीनों के यात्रा डेटा की जांच कर रही है ताकि इस गिरोह द्वारा अंजाम दी गई अन्य वारदातों के बारे में पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *