Spread the love

आलीराजपुर। पंचायत एवं ग्रामीण विकास एवं श्रम विभाग मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल आलीराजपुर जिले के प्रवास पर रहे। मंत्री श्री पटेल जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत अनास नदी उद्गम स्थल जीर्णोद्धार कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में तेली पहाडी ग्राम फुटतालाब बडा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अनास नदी के उद्गम स्थल पर पूजा अर्चना कर दंडवत प्रणाम किया। साथ ही उपस्थित ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि हमें नदियों के उद्गम स्थल की जानकारी होना चाहिए , छोटी नदियों के उत्थान से बड़ी नदियों में पानी रहेगा और पानी रहेगा तभी हमारा भविष्य भी सुरक्षित होगा। इस दौरान उन्होंने बताया कि इस वर्ष अनास नदी के उद्गम स्थल को मिलाकर उन्होंने अभी तक 62 नदियों के उद्गम स्थल के दर्शन किए। साथ ही प्रण लिया है कि प्रदेश की समस्त उद्गम स्थल पर जीर्णोद्धार कर जल संरक्षण का कार्य किया जाएगा। प्रदेश के समस्त नदियों में पानी रहे यह व्यवस्था की जाएगी। आज के छोटे-छोटे प्रयासों से ही हम जल के संसाधनों और प्राकृतिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा और बचाव कर सकते हैं।
जल गंगा संवर्धन के माध्‍यम से जिले सहित ग्रामों के जल स्त्रोत का जीर्णोद्धार के साथ-साथ संरक्षण किया जा रहा है । जल गंगा संवर्धन का मुख्‍य उद्देश्‍य नदियों में बारहमासी जल का प्रवाह रहे, साथ ही छोटे छोटे जल स्‍त्रोत में जल की उपलब्‍धता हो , जिससे भविष्य में किसी को भी शुद्ध पेयजल या सिंचाई के लिए कमी न हो । इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अनास नदी के उद्गम स्थल के आस पास पहाड़ी पर तार फेंसिंग कर वृक्षारोपण करें। साथ ही यहां पर आने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों के बैठने एवं पानी की स्थाई व्यवस्था करें ।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री श्री नागर सिंह चौहान ने मंत्री श्री पटेल को अवगत कराया कि ग्राम पंचायत में सामुदायिक भवन की आवश्यकता है , जिस पर पंचायत मंत्री श्री पटेल ने तत्काल ग्राम पंचायत फुटतालाब बडा के लिए सामुदायिक भवन के लिए 25 लाख रूपये की राशि स्वीकृत की। सरपंच श्री नवल सिंह अमलियार ने आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *