Spread the love

दमोह: मातृ-मृत्यु को निरंक करने और टीकाकरण कार्यक्रम में प्रगति लाने के उद्देश्य कलेक्टर एवं जिला स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष सुधीर कुमार कोचर की अध्यक्षता में जिला टॉस्क फोर्स की एक अहम बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रीता चटर्जी, सिविल सर्जन, सबंधित ब्लॉक के सी.बी.एम.ओ. एवं मृतका के परिजन मौजूद रहे। कलेक्टर श्री कोचर ने संवेदनशीलता के साथ मृतकों के परिजनों से मृतका के चिकित्सा इतिहास, गर्भावस्था दौरान स्वास्थ्य परेशानियों, ग्रामीण स्तर पर आयुष्मान आरोग्यम मंदिर उपस्वास्थ्य केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं जिला चिकित्सालय में मिली स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। प्रदायित स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में संस्था में संधारित दस्तावेजों से मिलान किया। हिण्डोरिया एवं तेन्दूखेड़ा स्वास्थ्य संस्थाओं में प्रोटोकॉल अनुसार लाईन ऑफ ट्रीटमेंट देना पाया गया। बटियागढ़ मातृ-मृत्यु प्रकरण के संबंध में मृतका के तत्कालीन स्वास्थ्य स्थिति के आधार पर जिला चिकित्सालय दमोह और मेडिकल कॉलेज जबलपुर में किये गये लाईन ऑफ ट्रीटमेंट का पुनः विश्लेषण करने के निर्देश जिला स्वास्थ्य अधिकारी को दिये। इसके पूर्व माह अप्रेल एवं मई में हिण्डोरिया, बटियागढ़ एवं तेन्दूखेड़ा ब्लॉक में संज्ञान में आये 3 मातृ-मृत्यु प्रकरणों की समीक्षा की गई। डॉ. चटर्जी ने मातृ मृत्यु प्रकरणों के संबंध में तथ्यात्मक जानकारी से अवगत कराया।

टीकाकरण डी.टी.एफ. बैठक

            कलेक्टर श्री कोचर ने जिला टॉस्क फोर्स की समीक्षा बैठक के दौरान टीकाकरण कार्यक्रम अंतर्गत बच्चों को पूर्ण टीकाकृत करने, एम.आर. प्रथम/सेकण्ड डोज में अपेक्षित प्रगति लाने विशेष टीकाकरण अभियान सभी ब्लॉकों में चलाने के निर्देश दिये। उन्होंने हर माह ब्लॉक स्तर पर ब्लॉक टॉस्क फोर्स की बैठक आयोजित करने के निर्देश देते हुए कहा कि बैठक में टीकाकरण कार्य की प्रगति एवं इस कार्य में आने वाली परेशानियों, टीका प्रतिरोधी परिवारों को प्रेरित करने रूपरेखा तैयार की जाये। बैठक के दौरान कलेक्टर श्री कोचर ने कहा कि एक सप्ताह तक चलाये जाने वाले विशेष टीकाकरण अभियान में ए.एन.एम द्वारा घर-घर जाकर बच्चों को टीकाकृत किया जाये। पूर्ण व्यवस्थित कार्ययोजना तैयार कर अभियान क्रियान्वित कराया जाये। बैठक दौरान डब्ल्यू एच ओ जिला प्रतिनिधि डॉ. अंकिता जैन ने जिले में टीकाकरण कार्यक्रम की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *