महज 21 साल की लड़की और 12 से ज्यादा शादियां

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जिसमें एक 21 वर्षीय युवती गुलशना और उसके साथ आठ सदस्यों ने शादी के नाम पर कई परिवारों को लूट लिया। गिरोह की प्रमुख गुलशना ने कम से कम 12 बार से अधिक शादी की, लेकिन हर बार शादी के कुछ घंटे बाद ही दूल्हे के परिवार से गहने, नकदी और कीमती सामान लेकर या तो फरार हो जाती या उसे गेंग के लोग खुद ही उठा ले जाते थे और कहा जाता डाकू उठा ले गए।
पुलिस के मुताबिक, गुलशना मैट्रिमोनियल वेबसाइटों और सोशल मीडिया के जरिए अमीर और जरूरतमंद परिवारों को निशाना बनाती थी। शादी तय होने के बाद दूल्हे के परिवार से समझौता राशि (सेटलमेंट अमाउंट) लेती थी। शादी में उसके साथ गिरोह के अन्य सदस्य रिश्तेदारों का रोल निभाते थे। शादी के तुरंत बाद वे सभी मिलकर लूट करते और मौके से फरार हो जाते थे।
गिरोह के अन्य सदस्य 5 महिलाएं और 4 पुरुष हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से नकदी, सोने का मंगलसूत्र, मोबाइल फोन और फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं। इस गिरोह ने उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार और गुजरात समेत कई राज्यों में लोगों को ठगा है। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह में शामिल गुलशना की असली शादी रियाज खान नाम के एक दर्जी से हुई है, जो भी इस ठगी में शामिल था और उसकी कमाई का हिस्सा लेता था। पुलिस अब इस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य पीड़ितों की पहचान कर रही है।
इस घटना ने ऑनलाइन मैट्रिमोनियल साइट्स के जरिए होने वाली धोखाधड़ी की चिंता बढ़ा दी है, और लोगों को ऐसे मामलों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
