
मप्र के लिए नियुक्त किए गए सभी पर्यवेक्षक भी भोपाल पहुंचेंगे
भोपाल। मप्र में कांग्रेस के संगठन को तैयार करने के लिए नवसृजन अभियान का आगाज मंगलवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा भोपाल में किया जाएगा। इसके साथ ही मध्यप्रदेश के लिए नियुक्त किए गए सभी पर्यवेक्षक भी भोपाल पहुंच रहे हैं। भाजपा की तरह संगठन को खड़ा करने के लिए कांग्रेस अब कोशिश कर रही है। कांग्रेस के द्वारा नवसृजन अभियान के तहत गुजरात और केरल के बाद मध्यप्रदेश का चुनाव किया गया है। मप्र के लिए कांग्रेस द्वारा 50 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। इन पर्यवेक्षकों के माध्यम से अब जिला और शहर अध्यक्ष चुने जाएंगे। कांग्रेस की ओर से यह दावा किया गया है कि अब किसी व्यक्ति को केवल किसी बड़े नेता का समर्थक होने के आधार पर अध्यक्ष पद पर नियुक्त नहीं किया जाएगा, बल्कि उसके जनता में आधार और पार्टी में कार्यकर्ताओं के बीच पकड़ होने पर ही उसकी नियुक्ति की जाएगी।
इसके लिए कांग्रेस द्वारा नवसृजन अभियान कल से शुरू किया जा रहा है। मंगलवार को इस अभियान का शुभारंभ करने के लिए राहुल गांधी भोपाल आ रहे हैं। इसके साथ ही मध्यप्रदेश के लिए नियुक्त किए गए सभी पर्यवेक्षक भी भोपाल आ रहे हैं। मप्र में कांग्रेस के प्रभारी महासचिव हरीश चौधरी पिछले दो दिनों से राहुल गांधी की यात्रा की तैयारी में लगे हुए हैं। राहुल गांधी द्वारा भोपाल में संगठन के नेताओं के साथ ही पूरे प्रदेश के शहर और जिला अध्यक्षों से भी चर्चा की जाएगी। इस चर्चा में इन लोगों से भी संगठन को मजबूत करने के बारे में सुझाव लिए जाएंगे। इसके अलावा पार्टी के विधायको से चर्चा कर उनकी बात भी सुनी जाएगी। कांग्रेस द्वारा शुरू किए जा रहे इस नए अभियान के साथ ही नई तस्वीर तैयार करने की भी कोशिश की जा रही है।
