Spread the love

सरकार ने मुझे बदनाम करने में पुरी ताकत लगा दी है

जब मैं गवर्नर के पद पर था तो उस समय मुझे 150-150 करोड़ रूपए की रिश्वत की पेशकश की गई थी

सत्यपाल मलिक फिर आईसीयू में शिफ्ट, किडनी की समस्या से जूझ रहे

नई दिल्ली। किडनी की बीमारी से जूझ रहे जम्मू-कश्मीर के पूर्व गवर्नर सत्यपाल मलिक को 11 मई को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था वह डायलिसिस पर हैं। इस बीच वह लगातार सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट लिख रहे हैं। रविवार को उन्होंने फिर एकबार एक्स पर पोस्ट किया और लिखा- हालात बहुत गंभीर।
बता दें इससे पहले उन्होंने एक भावुक पोस्ट लिखकर कई मुद्दों पर अपनी बातें रखीं। उन्होंने लिखा- नमस्कार साथियों, मैं पिछले करीब एक महीने से हस्पताल में भर्ती हूं और किड़नी की समस्या से जूझ रहा हूं। परसों सुबह से मैं ठीक था लेकिन आज फिर से मुझे आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया है। मेरी हालत बहुत गंभीर होती जा रही है। मैं रहूं या ना रहूं इसलिए अपने देशवासियों को सच्चाई बताना चाहता हूं।
उन्होंने कहा था कि जब मैं गवर्नर के पद पर था तो उस समय मुझे 150-150 करोड़ रूपए की रिश्वत की पेशकश की गई थी परंतु मैं मेरे राजनीतिक गुरु किसान मसीहा स्वर्गीय चौधरी चरणसिंह की तरह ईमानदारी से काम करता रहा ओर मेरा ईमान वो कभी डिगा नहीं सकें। जब मैं गवर्नर था उस समय किसान आंदोलन भी चल रहा था, मैंने बगैर राजनीतिक लोभ लालच के पद पर रहते हुए किसानों की मांग को उठाया। फिर महिला पहलवानों के आंदोलन में जंतर-मंतर से लेकर इंडिया गेट तक हर लड़ाई में उनके साथ खड़ा रहा। पुलवामा हमले में शहीद वीर जवानों के मामले को उठाया, जिसकी आज तक इस सरकार ने कोई जांच नहीं करवाई है।
सरकार मुझे सीबीआई का डर दिखाकर झूठे चार्जशीट में फंसाने के बहाने ढूंढ रही है। जिस मामले में मुझे फंसाना चाहते हैं उस टेंडर को मैंने खुद निरस्त किया था, मैंने खुद प्रधानमंत्री को बताया था इस मामले में भ्रष्टाचार है और उन्हें बताने के बाद में मैंने खुद उस टेंडर को निरस्त कर दिया था, मेरा तबादला होने के बाद में किसी अन्य के हस्ताक्षर से यह टेंडर हुआ। मैं सरकार को और सरकारी एजेंसियों को बताना चाहता हूं कि मैं किसान कौम से हूं, मैं ना तो डरने वाला हूं ओर ना ही झूकने वाला हूं।
सरकार ने मुझे बदनाम करने में पुरी ताकत लगा दी है, आखिर में मेरा सरकार से ओर सरकारी एजेंसियों से अनुरोध है कि मेरे प्यारे देश की जनता को सच्चाई जरूर बताना है कि आपको छानबीन में मेरे पास मिला क्या? हालांकि सच्चाई तो यह है कि 50 साल से ज्यादा लंबे राजनीतिक जीवन में बहुत बड़े-बड़े पदों पर देशसेवा करने का मौका मिलने के बाद आज भी मैं एक कमरे के मकान में रह रहा हूं ओर कर्ज में डूबा हूं। अगर आज मेरे पास धन दौलत होती तो मैं प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज करवाता।
बता दें लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने यहां राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती सत्यपाल मलिक से शुक्रवार को मुलाकात की थी और कहा कि सत्य की लड़ाई में वह मलिक के साथ खड़े हैं। वह शाम में करीब साढ़े पांच बजे अस्पताल पहुंचे और जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। कांग्रेस नेता ने उनका इलाज कर रहे डॉक्टर से चर्चा की। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट लिखा मैं सत्यपाल मलिक के जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं। सत्य की इस लड़ाई में मैं उनके साथ खड़ा हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *