
रविन्दनाथ टैगोर वार्ड का निरीक्षण जनता की समस्याएं सुनी
जबलपुर। रवींद्रनाथ टैगोर वार्ड की जलप्लावन समस्या और खूनी नाले के गंदे पानी से क्षेत्र में जनता को होने वाली परेशानी पर संज्ञान लेकर विधायक लखन घनघोरिया क्षेत्र का निरीक्षण नगर निगम अधिकारियों को तत्काल यहां साफ सफाई और पानी का अवरोध दूर करने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि हर साल बारिश के मौसम में नाले का गंदा पानी घरों में भर जाता है, जिससे नागरिकों का जीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है। इस गंभीर समस्या को देखते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वर्तमान विधायक लखन घनघोरिया ने क्षेत्र का निरीक्षण कर नगर निगम अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि खूनी नाले के ऊपर एक स्कूल बना है, जहां पढ़ने वाले बच्चों का जीवन खतरे में है। यह स्थिति हर साल की बारिश में और अधिक खतरनाक हो जाती है। जनता ने विधायक को यह भी बताया कि सुब्बाशाह मैदान से पंचकुइयां-हड्डी गोदाम जाने वाले मुख्य मार्ग पर वक्फ कमेटी द्वारा खंभे गाड़कर रास्ता बंद कर दिया गया है। इससे आमजन, एम्बुलेंस, फोर व्हीलर और पानी के टैंकरों का आवागमन बाधित हो रहा है। जनाजे निकालने में भी परेशानी हो रही है। विधायक ने इसे जनहित के खिलाफ और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अव्हेलना बताया। निरीक्षण के दौरान विधायक घनघोरिया ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालों पर किए गए अवैध अतिक्रमण, जिनमें तालीम का मरकज चलाने वाले भी शामिल हैं, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। इस मौके पर नगर निगम के संभागीय अधिकारी महेंद्र उईके, पार्षद गुलाम हुसैन, पूर्व पार्षद आजम अली खान, जहूर खान, सिकंदर खान, तौफीक चंकी, एजाज़ अंसारी, हारून मंसूरी, इकराम, अराफात खान, समीर, महबूब भाई, अजहर, मुख्तार अली, फिज्जू खान सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक भी मौजूद रहे। विधायक लखन घनघोरिया ने जनता को भरोसा दिलाया कि जलप्लावन की समस्या और अवैध अतिक्रमण का जल्द समाधान किया जाएगा।
