Spread the love

कुछ कर्मचारी जैसे रीडर/स्टेनो एवं उनके सहायक कर्मचारी लंबे समय से एक ही कार्यालय में पदस्थ होकर कार्य कर रहे

मप्र पुलिस में बड़े तबादले की तैयारी
भोपाल। मप्र में इस समय तबादलों का दौर चल रहा है। 17 जून तक तबादले करने की समय सीमा बढ़ा दी गई है। सभी विभाग तबादले करने में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में पुलिस विभाग में बड़े फेरबदल की तैयारी चल रही है। जानकारों का कहना है कि आरक्षक से लेकर एसपी स्तर तक के अधिकारियों को इधर-उधर किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक पीएचक्यू के उच्च अधिकारियों के बीच इस मामले को लेकर काम जारी है। इसके लिए अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा की जा रही है।
गौरतलब है कि सरकार ने अभी हाल ही में पुलिस अधिकारियों का तबादला किया है। उसके बाद भी कई जिलों में एसपी सहित अन्य अधिकारियों के तबादले होने हैं। सूत्रों का कहना है कि 115 एएसपी और डीएसपी रैंक के अधिकारियों की सूची तैयार हो चुकी है, जिसे अंतिम सहमति बनाने के बाद जारी कर दिया जाएगा। इस सूची में करीब 100 से अधिक डिप्टी एसपी शामिल बताए जा रहे हैं। तीन साल से ज्यादा समय से जिलों में पदस्थ एसपी बदले जाएंगे। इनमें प्रमुख रूप से सतना एसपी आशुतोष गुप्ता और नर्मदापुरम एसपी गुरकरण सिंह का नाम शामिल बताया जा रहा है। दोनों तीन साल से एक ही जिले में हैं। दो साल से ज्यादा से जमे एसपी के कार्यकाल का आंकलन किया जाएगा।
एसपी को बदलने का क्राइटेरिया
जानकारी के अनुसार सरकार द्वारा एसपी को बदलने प्रमुख रूप से दो क्राइटेरिया बनाए गए हैं। पहला है ढाई या इससे ज्यादा अवधि से जमे एसपी के काम का रिव्यू। दूसरा है सरकार की ओर से करवाया जा रहा फीडबैक सर्वे। इसी के आधार पर सर्जरी की जाएगी। बीती 31 मई को प्रधानमंत्री मोदी के आगमन से पहले भी बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की गई थी। गृह विभाग ने डीएसपी रैंक के 53 पुलिस अधिकारियों की तबादला सूची जारी की थी। इसमें भोपाल और इंदौर कमिश्नरेट के पुलिस अधिकारी भी शामिल थे। पीएचक्यू में पदस्थ डीएसपी सतीश कुमार को मंडला और मैहर में पदस्थ एसडीओपी राजीव कुमार पाठक को पीएचक्यू में नई पदस्थापना दी गई थी। एसडीओपी अभिनव मिश्रा को शहडोल से भोपाल सहित अन्य के तबादले किए गए थे।
रीडर स्टेनो और सहायक कर्मचारी हटेंगे
लंबे समय से एक ही कार्यालय में जमे रीडर-स्टेनो और उनके सहायक कर्मचारियों के संबंध में पुलिस मुख्यालय की ओर से जोन के आईजी समेत अन्य आला अधिकारियों को पत्र जारी किया गया है। पत्र में ऐसे कर्मचारियों को हटाकर अन्यत्र पदस्थ कर इस कार्यवाही से अवगत कराने के लिए कहा गया है। विशेष महानिदेशक (प्रशासन) पुलिस मुख्यालय, भोपाल आदर्श कटियार के द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि मध्य प्रदेश पुलिस की इकाई कार्यालय जिनमें पुलिस महानिरीक्षक जोन कार्यालय/उपपुलिस महानिरीक्षक रेंज कार्यालय/पुलिस अधीक्षक कार्यालय/अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय / एसडीओपी कार्यालय मैं कुछ कर्मचारी जैसे रीडर/स्टेनो एवं उनके सहायक कर्मचारी लंबे समय से एक ही कार्यालय में पदस्थ होकर कार्य कर रहे है। लंबी समयावधि से एक ही स्थान पर कार्य करने से निहित स्वार्थ की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता जिससे न सिर्फ पुलिस कार्यप्रणाली की पारदर्शिता प्रभावित होती है, वरन आमजन को शिकायत के अवसर भी प्राप्त होते हैं। पत्र में कहा गया है कि आवश्यक है कि लंबी अवधि से एक ही कार्यालय में पदस्थ कर्मचारियों की पदस्थापना में समय-समय पर परिवर्तन किया जाए जिससे न केवल अधिकारी/कर्मचारियों की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी, बल्कि शिकायत की संभावना भी कम होकर पुलिस की निष्पक्ष छवि प्रदर्शित होगी। पत्र में यह निर्देशित किया गया है कि लंबे समय से पदस्थ कर्मचारीगण जैसे रीडर/स्टेनो एवं उनके सहायक कर्मचारियों के सेवाकाल का परीक्षण कर यथासंभव अन्यत्र पदस्थ कर कार्यवाही से पीएचक्यू को अवगत कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *