Spread the love

मोबाइल नंबर धारकों का पता चलने के बाद क्राइम ब्रांच टीम वलसाड रवाना
इन्दौर। साइबर ठगोरो द्वारा 64 लाख रुपए की आनलाइन ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिसमें इन साइबर ठगोरो ने जिला कोर्ट परिसर में स्थित एसबीआई ब्रांच में कोर्ट से जुड़े खातों से यूपीआई ट्रांजैक्शन के जरिए लाखों रुपए निकाल लिए। बैंक अधिकारियों को मैसेज मिलने के बाद जांच में यह बड़ा मामला उजागर हुआ। मामले में बताया जा रहा है कि जिन नंबरों से ये ट्रांजैक्शन हुए, वे किसके नाम पर है इसका पता लगा लिया गया है। बैंक मैनेजर पुनीत तिवारी के अनुसार जिला कोर्ट के कई खाते एसबीआई की इसी शाखा में संचालित होते हैं। हाल ही में एक एडीजे कोर्ट के खाते से कोर्ट वाउचर के माध्यम से 6 लाख 50 हजार रुपए का भुगतान होना था, लेकिन खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने का मैसेज मिला। तिवारी के अनुसार जब खाते के ट्रांजेक्शन चेक किए तो पता चला कि मार्च 2025 से 11 जून 2025 के बीच कोर्ट के खाते से करीब 64 लाख रुपए यूपीआई ट्रांजैक्शन के जरिए निकाले जा चुके हैं। यह पूरी राशि गुजरात के वलसाड में एक बैंक खाते में ट्रांसफर की गई है। इसके बाद उन्होंने क्राइम ब्रांच को सूचना दी। क्राइम ब्रांच ने जिन नंबरों से ये ट्रांजैक्शन हुए उनकी जानकारी निकाली तो पाया कि वे नंबर साहिल उर्फ साजिद रंगरेज और उसके पिता साजिद अब्दुल सत्तार के नाम पर है। जबकि जिन खातों में पैसा ट्रांसफर किया गया है वे किसी और के नाम पर है लेकिन मोबाइल नंबर इन्हीं पिता-पुत्र से जुड़ा हुआ है। बैंक मैनेजर की शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर एक टीम वलसाड (गुजरात) भेजीं है ताकि ठगी का यह पूरा नेटवर्क पकड़ा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *