Spread the love

इन्दौर । नित नए तरीके अपनाते इन साइबर ठगोरो ने इन्दौर के एक कोरियर कंपनी का काम करने वाले को गैस कनेक्शन बंद करने की धमकी दे लिंक भेज उससे 1 लाख 43 हजार ठग लिए। मामले में बताया जा रहा है कि ठगी की इस वारदात को अंजाम देने वाले इस साइबर ठगोरे ने पहले खुद को गैस एजेंसी का एजेंट बताते मोबाइल पर कॉल किया फिर वॉट्सऐप पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस लेकर अकाउंट से रकम निकाल ली। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला तिलकनगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार बंडू सुनार, निवासी श्री मंगल नगर ने अपनी दर्ज शिकायत में बताया कि वे ऑनलाइन कोरियर सर्विस का काम करते हैं। दिसंबर 2024 में उनके पास एक अनजान मोबाइल नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को अवंतिका गैस एजेंसी का एजेंट बताया और कहा कि आपका कनेक्शन बिल बकाया होने के कारण बंद किया जा सकता है। इसके बाद उसने एक एपीके फाइल वॉट्सऐप पर भेजी। फाइल डाउनलोड करने पर एक लिंक मिला और उस पर पेमेंट प्रोसेस करने के लिए कहा गया। पहले 5 हजार रुपए ट्रांसफर करने को कहा गया, लेकिन पेमेंट नहीं दिखने की बात कहकर फिर से पैसे मांगे गए। जब बंडू ने और पैसे भेजने से मना किया, तो ठग ने एनी डेस्क ऐप के जरिए उनका मोबाइल रिमोट से ऑपरेट करना शुरू कर उसके अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1 लाख 43 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए गए। जब बंडू को धोखाधड़ी का शक हुआ, तो उन्होंने तुरंत क्राइम ब्रांच की साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद शनिवार को तिलक नगर पुलिस ने दो मोबाइल नंबरों के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *