Spread the love

6 गोल्ड और 1 ब्रॉन्ज मेडल जीतकर दमोह बना प्रदेश में गौरव का प्रतीक
दमोह। मध्यप्रदेश के रीवा मे आयोजित दिनांक 13 से 15 जून 2025 तक राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में दमोह ताइक्वांडो अकादमी के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन किया। प्रतियोगिता में दमोह से कुल 7 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें से 6 खिलाड़ियों ने गोल्ड मेडल और 1 खिलाड़ी ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर दमोह को गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता में रितिक पारोचे, जया रेकवार, वैदिका मलैया, दिव्या सोनी, इंतखाब खान और गुंजन जैन ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) जीते। वहीं प्रियांशू रजक ने साहसिक मुकाबले में कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का मार्गदर्शन और प्रशिक्षण दमोह ताइक्वांडो अकादमी के अनुभवी कोच नीरज दुबे एवं निधी दुबे द्वारा किया गया। कोच नीरज दुबे ने बताया कि यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिणाम है।
दमोह ताइक्वांडो अकादमी की सीनियर खिलाड़ी आद्रिका दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि अकादमी निरंतर बच्चों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार कर रही है। यह जीत न केवल खिलाड़ियों की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि जिले की खेल संस्कृति के लिए भी गर्व का विषय है।
इस अवसर पर जिले के खेल प्रेमियों, अभिभावकों और प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *