Spread the love

लखनऊ। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद पर शादी का झांसा देकर शोषण करने का आरोप लगाने वाली स्कॉलर डॉक्टर रोहिणी घावरी ने कानूनी लड़ाई की शुरुआत कर दी है। स्विटजरलैंड के जेनेवा निवासी इंदौर की स्कॉलर रोहिणी ने राष्ट्रीय महिला आयोग में एक शिकायत दर्ज करा दी है।
दलित परिवार से निकलकर अपनी मैरिट के बदौलत सरकार से एक करोड़ की छात्रवृत्ति लेकर मैनेजमेंट में पीएचडी करने जेनेवा गईं रोहिणी ने महिला आयोग में शिकायत कर लिखा “आज से कानूनी लड़ाई की शुरुआत हो चुकी!! सच सामने आकर रहेगा। मैं अपने स्वाभिमान, सम्मान के लिए लड़ूंगी, किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटूँगी!! सत्य मेव जयते!!”
रोहिणी ने मंगलवार को एक और ट्वीट किया है कि दलित बेटियों के साथ शोषण अत्याचार सिर्फ तब माना जाएगा जब शोषणकारी सवर्ण हो!! दलित नेता शोषण करेगा, तब समाज छुपायेगा, नेता को बचाएगा, बहुजन आंदोलन जो चलाना है!! लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। चाहे मेरा कोई साथ दे, ना दे, मैं पूरी मजबूती से लड़ूंगी और सबक सिखाऊंगी, जो कभी किसी बेटी के साथ ऐसा ना हो!”
रोहिणी ने इंटरव्यू के जरिए चंद्रशेखर पर शादी का झांसा देकर उनका शोषण करने का आरोप लगाया है। रोहिणी लंबे समय से चंद्रशेखर से रिलेशनशिप और धोखा का मामला उठा रही हैं। रोहिणी ने बताया है, उसके मुताबिक दलितों के मसले पर काम करते हुए दोनों की जान-पहचान हुई। रोहिणी का आरोप है कि चंद्रशेखर ने खुद को अविवाहित बताकर उनके साथ संबंध बनाए और भेद खुलने पर सुसाइड करने और दलित आंदोलन छोड़ने तक की धमकी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *