Spread the love

स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विभाग की बैठक संपन्न

कटनी। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के निर्देश पर बुधवार को नगर निगम कार्यालय में स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की बैठक मेयर इन काउंसिल सदस्य एवं प्रभारी सदस्य की अध्यक्षता में आयोजित की जाकर आगामी वर्षा को दृष्टिगत रखते हुए विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाकर आवश्यक निर्णय लिए गए। बैठक के दौरान समिति के सदस्य एवं पार्षद सर्व श्री शशिकांत तिवारी, सचिन बहरे सोनू, विनोद लाला यादव, सरला संतोष मिश्रा, श्रीमती प्रभा राजू गुप्ता, अजरा शाहीन सहित स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी की मौजूदगी रही। बैठक के दौरान नगर निगम सीमा अंतर्गत नाले एवं नालियों की सफाई कार्य के संबंध में चर्चा की जाकर शेष नालों का सफाई कार्य शीध्र पूर्ण करानें के निर्देश दिए गए। बैठक मे आगामी वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए नगर के 10 बड़े नालों की सफाई का कार्य ठेके पर स्वीकृत ठेकेदार से कराये जानें के संबंध में अनुशंसा की जाकर कार्य को प्राथमिकता से करानें के निर्देश दिए गए। बैठक में नगर की सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए नालों को नियमानुसार कवर्ड करानें की अनुशंसा भी की गई। बैठक के दौरान नगर की सुचारू सफाई व्यवस्था एवं नागरिकों की सुविधा हेतु एम.एस डब्लयू के माध्यम से प्रत्येक वार्ड में कचरा गाडी भेजनें तथा लेबर के माध्यम से प्वाइंट से कचरा उठानें, स्प्रे पंप के माध्यम से वार्डो मे कीटनाशक दवाईयों, ब्लीचिंग पाउडर का भंडारण कराते हुए आवश्यक छिड़काव कार्य करानें की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त नागरिकों में जागरूकता लानें हेतु ओम साई विजन टीम के माध्यम से प्रतिमाह वार्डवार चलाये गए जनजागरूकता अभियान की जानकारी उपलब्ध करानें का निर्णय लिया गया। बैठक के दौरान एम.एस.डब्लयू प्रबंधक शांतनु सिंह, स्वच्छता निरीक्षक तेजभान सिंह, दीपक मलिक सहित अन्य स्वच्छता निरीक्षक एवं वार्ड दरोगाओं की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *