
जबलपुर । तिलवारा रोड पर शराब की खेप लेकर शहर की ओर आ रहे दो तस्करों को आबकारी टीम ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर कटंगा तिराहे पर घेराबंदी कर दबोच लिया। टीम को देखते ही बुलेरो चालक ने रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की, लेकिन पीछा कर रही टीम ने सरकारी वाहन आगे अड़ाकर रास्ता रोक दिया। तलाशी में बुलेरो से 33 पेटियों में भरी 1550 पाव देशी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है।
आबकारी अधिकारियों के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि तिलवारा की ओर से बुलेरो में बड़ी मात्रा में शराब लेकर तस्कर शहर की तरफ आ रहे हैं। सूचना के बाद टीम ने तिलवारा रोड पर चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध बुलेरो नजर आई तो टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी।
इसके बाद आबकारी टीम ने बुलेरो का पीछा शुरू किया। काफी दूर तक पीछा करने के बाद कटंगा तिराहे के पास बुलेरो को घेरकर रोक लिया गया। वाहन में सवार दोनों युवकों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई तो शराब की बड़ी खेप बरामद हो गई।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान सोनू चौधरी और साहिल केवट, निवासी कटनी के रूप में हुई। दोनों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधन 2000) की धारा 34(1)(क) और 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
