
भोपाल। टीटी नगर पुलिस ने जिला अदालत के आदेश पर गुटखा किंग किशोर वाधवानी की याचिका पर एक समाचार पत्र के प्रतिनिधि के खिलाफ ब्लैकमेल करके रंगदारी मांगने का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक किशोर वाधवानी पिता खेमचंद्र वाधवानी (55) ने भोपाल जिला अदालत में याचिका लगाई थी। किशोर वाधवानी ने अदालत को बताया कि उनके खिलाफ समाचार प्रकाशन अंकुर जायसवाल कर रहे थे। जब उनसे ऐसा नहीं करने के लिए बोला गया तो उनसे पैसें मांगे गए। आरोप है, कि सौदा पांच लाख रुपए में तय हुआ। जिसमें 11 अक्टूबर, 2024 को टीटी नगर स्थित बाणगंगा चौराहे पर रकम भी दी गई। यह पैसा लेने के बाद भी अंकुर जायसवाल उनके खिलाफ रिपोर्टिंग करते रहे तब उन्होंने कार्यवाही के लिये याचिका लगाई। जिस पर अदालत ने थाना पुलिस को प्रकरण दर्ज करने के आदेश दिए। थाना पुलिस प्रकरण दर्ज करने के बाद मामले में गिरफ्तारी के लिए नोटिस जारी करने की तैयारी में है। बताया जाता है, कि अंकुर जायसवाल भी इंदौर का रहने वाला है। गौरतलब है की किशोर वाधवानी भ्रष्टाचार और घोटालों की कई जांच में फंसे हुए हैं। उनकी मीडिया रिपोर्टिंग को लेकर यह विवाद की स्थिति बनी है।
