नारायणपुरा उप स्वास्थ्य केंद्र पँहुचे कलेक्टर श्री कोचर सेक्टर बैठक ली, दिये निर्देश

दमोह: कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर अपने भ्रमण के दौरान जिले के दूरस्थ आदिवासी अंचल के ग्राम नारायणपुरा उपस्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर स्वास्थ्य विभाग की सेक्टर बैठक में शामिल हुए। बैठक में कलेक्टर श्री कोचर ने बीएमओ हटा डॉ. उमाशंकर पटेल और स्वास्थ्य अमले से आदिवासी अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान गर्भवती महिलाओ का इलाज, उपचार, बच्चों के टीकाकरण आदि के विषय में चर्चा की गई। आशा सुपरवाइजर और आशा कार्यकर्ताओं और ए.एन.एम ने क्षेत्र में आने वाली कठिनाइयां से कलेक्टर को अवगत कराया। उन्होंने आधार कार्ड, जन्मप्रमाण पत्र ,समग्र आई.डी आदि कार्यो में आने वाली दिक्कतों से अवगत कराया। इस संबंध में कलेक्टर श्री कोचर ने शिविर लगाने के निर्देश दिए । बैठक में बीएमओ डॉ. उमाशंकर पटेल, बीपीएम विक्रम सिंह, बीसीएम देवेंद्र ठाकुर, थाना प्रभारी रजपुरा सरदार सिंह, सरपंच जशवेंद्र यादव उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री कोचर ने कहा यह दूरस्थ आदिवासी अंचल है, जिसमें कई प्रकार की समस्याएं हैं, सभी विषयों पर कार्य किया जा रहा हैं, यहॉ स्वास्थ्य क्षेत्र में अमला जो कार्य कर रहा वह प्रशंसनीय है। इस क्षेत्र में आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, समग्र आई.डी आदि कार्यों की कमी है जिससे बच्चो के टीकाकरण और कई लोगों के शासकीय कार्य नहीं हो पाते हैं, ग्राम पंचायत के सहयोग से मंगलवार को यहां शिविर आयोजित किया जाएगा ताकि लोगों के आवश्यक कार्य पूर्ण हो सकें और समस्याएं हल हो सकें।
कलेक्टर श्री कोचर ने कहा कि इस क्षेत्र के लोगों में एनीमिया के लक्षणों को देखते हुए तय किया है कि हर मंगलवार को स्कूलों में बच्चों को आयरन की गोली खिलाई जायेगी और मैं स्वयं भी खाऊंगा। बैठक में बताया गया इस क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं को लाने ले-जाने में भी समस्याएं आती हैं इसके लिए एम्बुलेंस का सेंटर रजपुरा में बनाया जायेगा, ताकि गर्भवती महिलाओं को समय रहते सेवाओं का लाभ मिल सके, क्योंकि हटा से रजपुरा तक एंबुलेंस आने में समय लग जाता है, इसके लिए जल्द ही राज्य सरकार से अनुरोध कर रजपुरा में एंबुलेंस सेंटर बनाने की व्यवस्था कराई जायेगी। कलेक्टर श्री कोचर ने कहा इस क्षेत्र में स्वास्थ्य अमले की मेहनत के बदौलत मातृ-मृत्यु दर में कमी आई है, कठिन एरिया में कई लोगों की जाने बचाई है, इसके लिए हटा बीएमओ और उनकी टीम व पूरा स्वास्थ्य अमला बधाई के पात्र हैं।
एक पेड़ मां के नाम के तहत किया पौधारोपण
कलेक्टर श्री कोचर ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत नारायणपुरा उप स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पौधरोपण भी किया गया। कलेक्टर श्री कोचर के भ्रमण के दौरान नारायणपुरा गांव के लोगों ने नारायणपुर से बनोली तक सड़क निर्माण की मांग की जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेकर जल्द निर्माण कार्य शुरू कराए जाने का आश्वासन दिया।
