
बागोद चौकी पुलिस की तीसरी आंख बनी मददगार
खरगोन। जिले के ग्राम बागोद कस्बे में बुजुर्ग की एक छोटी.सी भूल को बागोद पुलिस ने अपनी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से बड़ी मिसाल में बदल दिया है। कस्बा चौकी प्रभारी हरिशंकर पान्टेल ने कस्बे में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की मदद से बुजुर्ग व्यक्ति को उनकी खोई हुई बाईक महज कुछ घंटों में तलाशने के बाद वापस लौटा दी। पुलिस की इस सतर्कता और तत्परता की बुजुर्ग के साथ ग्रामीणजनों ने सराहना की है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार शनिवार को साप्ताहिक हाट बाजार में एक बुजुर्ग व्यक्ति अपनी बाईक खड़ी कर खरीदारी करने में व्यस्त हो गया। कुछ देरबाद देखा तो बाईक नजर नही आई। इसके बाद घबराया बुजुर्ग पुलिस चौकी पहुंचा। चौकी प्रभारी हरिशंकर पान्टेल ने बताया सुरपाला निवासी पदमसिंह राठौड़ ने अपनी बाईक गुम होने की शिकायत दर्ज कराई थी। भरे बाजार हुई घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक अन्य बुजुर्ग बाईक ले जाते नजर आया, जिनकी शिनाख्त कर उनके घर पहुंचने पर एक जैसी बाईक होने पर अनजाने में बाईक ले जाने का मामला सामने आया। जो बुजुर्ग बाईक ले गए थे, उनकी बाईक भी बाजार में मिली। जिसके बाद पदमसिंह को उनकी बाईक लौटाई गई।
पहली बार तलाशे फुटेज
श्री पांटेल ने बताया कि चौकी क्षेत्र में करीब 30 कैमरे लगे है। करीब 6 माह से अधिक समय हो गया है। कैमरे लगने के बाद संभवत: पहली बार किसी घटना में इनके फुटेज चेक करने की आवश्यकता पड़ी है। श्री पान्टेल ने कहा कि कस्बे में सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे अब छोटे.छोटे विवादों और अपराधों के निवारण में भी बेहद मददगार साबित हो रहे हैं।
