Spread the love

ग्राम पंचायत बिसोनी के दखनीटोला का मामला
जिम्मेदारों के अनदेखी का खामियाजा भुगत रहे ग्रामीण

बालाघाट। यह रोड नक्शे में नहीं हैं, यहां से आना-जाना प्रतिबंधित है। यह प्रशासन की चेतावनी नहीं बल्कि ग्रामीणों द्वारा लगाई गई सूचना है। दरअसल, सडक़ पूरी तरह से दलदल में तब्दील हो गई है। आलम यह है कि मार्ग से वाहनों का चलना तो दूर पदयात्रा भी नहीं कर सकते। ग्रामीणों की शिकायत के बाद भी जिम्मेदारों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। जिसका खामियाजा अब ग्रामीण भुगत रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार इस मार्ग में विगत दिनों ग्राम पंचायत द्वारा आवागमन की समस्या को देखते हुए मुरूमीकरण किया गया था। लेकिन लगातार बारिश होने और बड़े वाहनों के आवागमन से मार्ग अब पूरी तरह से कीचड़ में तब्दील हो गया है। जिसके कारण यहां के रहवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हर वर्ष बारिश में होने वाली इस समस्या से ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों को अवगत भी कराया था। जिम्मेदार उक्त मार्ग को नक्शे में नहीं होने की बात कह कर अपना पलड़ा झाड़ रहे हैं। अब आक्रोशित ग्रामीणों ने आवागमन के इस रास्ते को ही बंद कर दिया है। समस्त ग्रामीणजन ग्राम पंचायत बिसोनी (दखनीटोला) लिखकर सूचना भी लगा दी है। दखनीटोला आवास में कीचड़ से भरे मार्ग के किनारे करीब आधा सैकड़ा परिवार निवासरत है, जो रोजाना इसी मार्ग से आवागमन करते हैं।
कंधे पर बैठाकर छात्रों को पहुंचा रहे मुख्य मार्ग
मार्ग के दलदल में तब्दील होने पर ग्रामीणों को अति आवश्यक सेवाओं के लिए काफी संघर्ष करना पड़ रहा है। रसोई गैस का वाहन अंदर नहीं आ पा रहा है, सिलेंडर लेने ग्रामीणों को मुख्य मार्ग पर जाना पड़ रहा है। इतना ही नहीं स्कूली वाहन के अंदर नहीं आने पर अभिभावकों को बच्चों को कंधे पर बैठाकर वेन तक छोडऩा पड़ र हा है। बावजूद इसके जिम्मेदार इसे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
नक्शे में नहीं है दर्ज, निर्माण की नहीं मिल रही स्वीकृति
ग्राम पंचायत बिसोनी के दखनीटोला आवास के वार्ड क्रमांक 19, 20 में स्थित मार्ग ग्राम पंचायत के नक्शे में मौजूद ही नहीं है, जिसके कारण मार्ग के निर्माण की स्वीकृति नहीं मिल पा रही है। जिस पर ग्रामीणों द्वारा आरोप लगाया गया की सरपंच-सचिव द्वारा हर काम में कमीशन के चक्कर में विकास कार्यों पर ध्यान नहीं दिया जाता। ग्रामीणों ने कहा कि सरपंच-सचिव उनके साथ सौतेला व्यवहार कर रहे हैं। यहां के रहवासियों को मुलभूत सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है।
इनका कहना है
विधायक के निर्देश के बाद भी उक्त सडक़ राजस्व के नक्शे में दर्ज हुई है, लेकिन पक्की सडक़ निर्माण के लिए पंचायत को आदेश नहीं मिल पाया है।तीन माह से अधिक समय बीतने के बाद भी तहसील कार्यालय से उक्त आवेदनों पर कोई कार्यवाही नहीं की गई। जिसके कारण यह समस्या उत्पन्न हो गई।
-विजय वारे, सरपंच प्रतिनिधि व पूर्व सरपंच
दखनीटोला आवास मार्ग 100 वर्ष से भी अधिक पुराना है। उक्त मार्ग का राजस्व के नक्शे में दर्ज न होना विभाग की बहुत बड़ीचुक है। ग्रामीण पिछले कई वर्षों पक्की सडक़ निर्माण की गुहार लगा रहे हैं। लेकिन अभी तक समस्या का निराकरण नहीं हो पाया है।
पवन कश्यप, उपसरपंच, ग्रापं बिसोनी
दखनीटोला आवास के ग्रामीणों द्वारा मार्ग बंद किये जाने की जानकारी मिली है। सरपंच-सचिव को पूर्व में ही उक्त मार्ग को राजस्व के नक्शे में दर्ज कराने के लिए आवेदन करने निर्देशित किया गया है, लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया है। ग्रामीणों को जो परेशानी हो रही है, उसका शीघ्र निराकरण किया जाएगा।
-राजकुमार कर्राहे, विधायक, लांजी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *