
दमोह: कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के निर्देशों के तहत् खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत एफएसएसएआई के राष्ट्रव्यापी घी गुणवत्ता जांच सर्वे अभियान के तहत बाजार में उपलब्ध कंपनी पैक्ड घी एवं लूज घी की गुणवत्ता की जांच हेतु खाद्य सुरक्षा जांच दल ने दमोह शहर में दूध डेरियों का औचक निरीक्षण किया। इस देशव्यापी घी गुणवत्ता जांच सर्वे अभियान के तहत घी में फैटी एसिड प्रोफाइल एवं बीटा साइटोस्टेरॉल की उपस्थिति की जांच की जाएगी।

घी में अगर बीटा साइटोस्टेरॉल की उपस्थिति पाई जाती है तो घी में सस्ते वेजिटेबल खाद्य तेल की मिलावट की पुष्टि हो जाती है। घी में सैचुरेटेड फैटी एसिड,मोनो सैचुरेटेड फैटी एसिड, पॉली अन सैचुरेटेड फैटी एसिड के उपस्थिति के स्तर से घी में अन्य फैट या वसा की मिलावट का पता किया जा सकता है। देशव्यापी घी विशेष जांच अभियान के तहत दमोह शहर में अंबेडकर चौक,रेड क्रॉस मार्केट स्थित प्रताप घीवाला दूध डेयरी एवं अमृत सागर दूध डेयरी का औचक निरीक्षण किया गया। उक्त परिसर में संग्रहित लूज घी के नमूनें जांच हेतु लिए गए। इन लूज घी के नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण हेतु खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
