Spread the love

58 छात्र-छात्राओं को साइकिल हुई वितरित

दमोह। गुरु हमारे जीवन में रास्ता दिखाने का काम करते हैं और आज इस पावन अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी ने साइकिल वितरण का कार्य प्रारंभ किया है और सभी विधायक, मंत्री अपने-अपने क्षेत्र में जहाँ-जहाँ भी उपलब्ध हैं वहाँ साइकिल वितरण कार्य प्रारंभ कराये जाने के निर्देश दिए है। मैं मुख्यमंत्री जी को बधाई देता हूँ। बोतराई में शीघ्र ही कक्षा 11-12 वीं तक स्कूल प्रारंभ हो जायेगा, अभी जुलाई का माह है और मेरा प्रयास है कि इसी वर्ष से प्रारंभ हो जाये यदि किसी कारणवश इस वर्ष प्रारंभ नहीं हो पाया तो अगले वर्ष प्रारंभ हो जायेगा। इस आशय के विचार प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल ने तहसील पथरिया के ग्राम बोतराई में संकुल केन्द्र शासकीय हाई स्कूल में साईकिल वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुये व्यक्त किये। इस अवसर पर 58 छात्र-छात्राओं को साईकिल वितरित की गई। 

पशुपालन राज्यमंत्री श्री पटैल ने कहा सबसे पहले साइकिल वितरण का कार्य इस बार सही समय पर स्कूल खुलने के साथ-साथ प्रारंभ हो गया। यह व्यवस्था बहुत अच्छी रही और मैं सभी छात्र-छात्राओं को इस अवसर पर बधाई और शुभकामनाएं देता हूँ। यह सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, इस योजना के अंतर्गत एक गांव से दूसरे गांव को जाने वाली बेटी को साइकिल शासन द्वारा प्रदान की जाती है, जिससे  बेटी को पैदल ना आना पड़े। हम लोग शाम के समय झुंड में बेटियों को एक गांव से दूसरे गांव जाते हुए देखते है, तो मन प्रसन्न हो जाता है कि बेटियां पढ़ रही हैं, बेटियां आगे बढ़ रही हैं और देश का भविष्य सुरक्षित हाथों में जा रहा है। इसी प्रकार बेटे भी सभी जगह हम लोगों को आगे बढ़ाने में सहयोग कर रहे हैं, सरकार भी हर तरीके से मदद करने का प्रयास कर रही है, चाहे मध्यान्ह भोजन, किताबें वितरण, साइकिल वितरण, छात्रावास की व्यवस्था हो और वहाँ रहने वाले बच्चों की व्यवस्था हो, यह सारी योजनाएं सरकार के द्वारा ग्रामीण क्षेत्र तक पहुंचाई जा रही है।

            राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा यह स्कूल शीघ्र ही 11 वीं और 12 वीं तक हो जायेगा और केंद्र की सरकार ने नई परंपरा प्रारंभ की है, अगर स्कूल में जगह या कमरे हैं तो 11-12 वीं खोली जा सकती है, तो मैंने ही पिछली बार माईसेम सीमेंट वालों से बात की और कमरे तैयार हो गए। मैंने सारी रिपोर्ट बनाकर ऊपर भेज दी है। राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा मुझे आज भी याद है कि हमारे गुरू जो आजकल भोपाल में रहते है कभी-कभी उनके पास मिलने जाता हूँ इसी प्रकार बच्चे भी गुरू को अपना मानते हैं और हर गुरू का कोई न कोई कक्षा में प्रिय शिष्य होता है, उनको आगे बढ़ाने का काम करते है। आज आप लोगों को परिस्थितियां मिली हैं वो परिस्थितियां पहले नहीं थी, पहले तो रास्ते ही नहीं थे, साइकिल लेकर भी क्या करते आज तो रास्ते सब जगह है। इस अवसर पर पूर्व मंडी अध्यक्ष खरगराम पटैल और महेश पटैल ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलित एवं माल्यापर्ण कर किया गया। इस मौके पर अतिथियों का पुष्पमाला एवं शाल भेंट कर सम्मान किया गया। शाला की छात्राओं ने सरस्वती बंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में 27 छात्रों एवं 31 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। इस मौके पर जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि एवं शाला के शिक्षकगण तथा छात्र-छात्रायें मौजूद थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *