भारी बारिश के बावजूद 491 गर्भवती महिलाओं ने विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवा का उठाया लाभ
कलेक्टर श्री कोचर ने बटियागढ़ एवं सदगुवां का किया औचक निरीक्षण

दमोह: जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बावजूद चिन्हित जोखिम वाली गर्भवती एवं सामान्य गर्भावस्था वाली महिलाओं ने उत्साह पूर्वक सामुदायिक एवं आयुष्मान आरोग्यम प्राथमिक स्वास्थ्य संस्थाओं में पहुंचकर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। 491 महिलाओं का स्त्री रोग विशेषज्ञों/स्किल लैब प्रशिक्षित चिकित्सकों ने स्वास्थ्य जांच कर सेवायें प्रदान की। जिला स्तर से कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रीता चटर्जी सहित कार्यक्रम अधिकारियों द्वारा विशेष स्वास्थ्य जांच क्लीनिकों का जायजा लिया। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत जिले में संचालित विशेष स्वास्थ्य जांच क्लीनिक का औचक निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बटियागढ़, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सदगुवां पर जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की जांच प्रक्रिया की जानकारी लेकर प्रदायित की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की।

कलेक्टर श्री कोचर ने पी.एच.सी सदगुवां पहुंचकर अभियान के दौरान संचालित क्लीनिक का अवलोकन करते हुये स्वास्थ्य सेवा एवं बनाई गई व्यवस्था पर खुशी जाहिर की। उन्होने मौके पर ही दो महिलाओं को आयरन सुक्रोज देना पाया गया। चिकित्सक डॉ. पुष्पेन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि सामान्य गर्भवती महिला की जांच संस्था में नियमित रूप से की जा रही है। आज 6 गर्भवती महिलाओं का चिन्हांकन किया गया है। कलेक्टर श्री कोचर ने महिलाओं के परिजनों एवं आशा कार्यकर्ता से यहां दी जा रही उपचार सेवा एवं बनाई गई सुविधाओं के संबंध में चर्चा कर दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की प्रशंसा करते हुये कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया।
कलेक्टर श्री कोचर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बटियागढ़ पहुंचकर पहले से चिन्हित जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की सूची का क्लीनिक में आई महिलाओं से मिलान किया। उनसे चर्चा कर उपलब्ध सेवाओं की जानकारी ली। अवलोकन के दौरान देखा गया जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं के लिए पृथक से ओ.पी.डी. काउण्टर की व्यवस्था की गई है। गर्भवती महिलाओं के बैठने की सुविधा और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। इस दौरान मौके पर ही 40 गर्भवती महिलाओं की जांच की जा चुकी थी। कलेक्टर श्री कोचर ने सी.बी.एम.ओ. को निर्देशित किया कि व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाये। गर्भवती महिलाओं के लिए पौष्टिक आहार की व्यवस्था बनाई जाये। बाहर से लौटी गर्भवती महिलाएं जो जांच के लिए आई है, उनके एमसीपी कार्ड भी बनायें जायें। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि सभी व्यवस्थाओं को और अधिक सुविधाजनक बनाया जाये। सुलभ और समुचित ढंग से स्वास्थ्य सेवाएं महिलाओं तक पहुंचायें।
सिविल अस्पताल हटा में वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. संगीता त्रिवेदी ने चिन्हित जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच के अलावा 24 गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी जांच की। संस्था में गर्भवती महिलाओं को सेहतमंद बनाये रखने में उपयोगी पोषण पोटली का वितरण भी किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पथरिया में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका छाबड़ा, तेन्दूखेड़ा में डॉ. रवेन्द्र ठाकुर, जबेरा डॉ. पूर्वशी राय, बटियागढ़ में डॉ. मिताली हैरिसन, पटेरा में डॉ. प्रियांशी साहू एवं हिण्डोरिया में डॉ. ज्योति दुबे ने जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की जाँच की।
