
जबलपुर। हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा को मुख्य न्यायाधीश नियुक्त कर दिया गया है। इस सिलसिले में भारत शासन, विधि व न्याय मंत्रालय, न्याय विभाग की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। जिसके अनुसार भारत के संविधान में दी गई व्यवस्था के अंतर्गत राष्ट्रपति ने नियुक्ति आदेश जारी कर दिया है। उल्लेखनीय है कि मप्र हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सुरेश कुमार कैत के सेवानिवृत्त होने के बाद रिक्त हुए मुख्य न्यायाधीश के पद पर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बतौर वरिष्ठतम न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा को नियुक्त किया गया था। वे 30 मई, 2024 को दिल्ली हाई कोर्ट ने स्थानांतरित होकर मप्र हाई कोर्ट आए थे। मुख्य न्यायाधीश सुरेश कुमार कैत के पदभार संभालने से पूर्व भी यहां कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश पद की जिम्मेदारी संभाल चुके थे।
