

दमोह: कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के निर्देशों के तहत् खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा जांच दल द्वारा ग्राम अभाना स्थित मिष्ठान भंडार एवं नाश्ता दुकानों में निरीक्षण कार्यवाही करते हुए मिठाई एवं नाश्ता दुकानों में विक्रय की जा रही खाद्य सामग्री की जांच की गई। कार्यवाही में बस स्टैंड अभाना स्थित चेनू दादा मिष्ठान भंडार, कालूराम नेमा स्वीट्स, ऋषभ मिष्ठान भंडार एवं बसंत नेमा मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परिसर से मौके पर विक्रय हेतु संग्रहित समोसा, खोवा जलेबी, पपड़ी नमकीन एवं मैदा जलेबी के नमूनें जांच हेतु लिए गए। इन नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। निरीक्षण के दौरान परिसर में मौके पर फूड रजिस्ट्रेशन, पेस्ट कंट्रोल प्रबंधन एवं फ़ोस्टैक ट्रेनिंग प्रमाण पाए गए एवं कार्यरत कर्मचारियों के एनुअल मेडिकल परीक्षण प्रमाण पत्र बनवाने के निर्देश दिए गए। मौके पर मैजिक बॉक्स की सहायता से मिठाईयों, बेसन लड्डू,जलेबी एवं नमकीन की गुणवत्ता की जांच की गई।
