Spread the love

राजस्व अधिकारियों की बैठक में दिए निर्देश

नरसिंहपुर । कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने बैठक में राजस्व प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा करते हुए कहा कि राजस्व विभाग का अमला न्यायालय में आने वाले समस्त प्रकरणों को पंजीबद्ध कर निराकरण करें। जिससे राजस्व प्रकरणों का निपटारा त्रुटिपूर्वक समय में पूर्ण हो सके। आयोजित बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती अंजली शाह, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट, एसडीएम नरसिंहपुर, एसडीएम गोटेगांव, एसडीएम गाडरवारा, एसडीएम तेंदूखेड़ा सहित तहसीलदार, नायब तहसीलदार और अन्य अधिकारी मौजूद थे।

कलेक्टर श्रीमती पटले ने कहा कि राजस्व अधिकारी न्यायालय में आने वाले समस्त प्रकरणों को दर्ज कर उनकी सुनवाई करें। रिकॉर्डों का दुरूस्तीकरण, नक्शा सुधार, नामांतरण जैसे अन्य प्रकरणों का समय पर निराकरण करें। उन्होंने इसके बाद चिनकी- बौरास संयुक्त बहुउद्देश्यीय परियोजना, शक्कर पेंच सिंचाई योजना, मछरेवा सिंचाई परियोजना और शेर सिंचाई परियोजना की समीक्षा की। उक्त परियोजना के संबंध में अर्जित रकबा, सुनवाई, लंबित प्रकरण और आवार्ड पारित प्रकरणों का निपटारा समय पर करने को कहा। इसी प्रकार बैठक में लोक निर्माण विभाग की भौरझिर- कौठिया मार्ग, सूखा- काशीखैरी मार्ग के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने इसी प्रकार से भू- अर्जन के प्रकरणों की भी विस्तार से समीक्षा की।

कलेक्टर श्रीमती पटले ने आयोजित बैठक में राजस्व विभाग की सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का निराकरण संतुष्टिपूर्वक निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करें। आयोजित बैठक में उन्होंने अनुभागवार सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *