Spread the love

कार्य में लापरवाही बरतने पर संबंधित आशा कार्यकर्ता की प्रोत्साहन राशि में कटौत्री की जाए

नरसिंहपुर। कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने जिला स्वास्थ्य समिति और लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गुरूवार को ली और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिये। इस दौरान कलेक्टर ने विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं गतिविधियों के लक्ष्य के विरूद्ध उपलब्धियों की जानकारी ली। कलेक्टर श्रीमती पटले ने गर्भवती माताओं के पंजीयन, मातृ मृत्यु दर, आरबीएसके कार्यक्रम, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण कार्यक्रम, पोषण पुर्नवास केन्द्र, परिवार कल्याण कार्यक्रम, एसएनसीयू, एनीमिया मुक्ति भारत, स्‍वस्‍थ्‍य यकृ‍त मिशन, अंधत्व निवारण कार्यक्रम, क्षय कार्यक्रम, एनसीडी, आईडीएसपी, सिकल सेल एनीमिया आदि कार्यक्रमों व गतिविधियों की समीक्षा कर मैदानी स्तर पर शतप्रतिशत कार्य किए जाने के निर्देशित किया। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री दलीप कुमार, मुख्य चिकित्सा एवं स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारी डॉ. श्याम सिंह ठाकुर, सिविल सर्जन, समस्त कार्यक्रम अधिकारी, बीएमओ, स्‍वास्‍थ्‍य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के समस्त जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहें।

बैठक में कलेक्टर श्रीमती पटले ने डॉ. अदिति धुर्वे खंड चिकित्सा अधिकारी करेली एवं ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक करेली श्रीमती वंदना लोधी बगैर सूचना के अनुपस्थित पाए जाने पर अप्रसन्नता जाहिर करते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। साथ ही स्‍वास्‍थ्‍य केन्द्र हीरापुर में लगातार अनुपस्थित पाए जाने पर सीएचओ की सेवा समाप्ति की कार्यवाही हेतु नस्ति प्रस्तुत करने के लिए तथा शहरी क्षेत्र नरसिंहपुर में गर्भवती माताओं के पंजीयन कार्य कम पाये पर संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारी शहरी स्वास्थ्य केन्द्र नरसिंहपुर द्वारा रूचि लेकर कार्य नहीं करने पर कलेक्टर ने अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए नोटिस के लिए नस्ति प्रस्तुत करने के लिए कहा। कलेक्टर श्रीमती पटले ने बैठक में गर्भवती माताओं के पंजीयन की जानकारी लेकर कहा कि जिन महिलाओं की आयु 18 वर्ष से कम एवं पति की आयु 21 वर्ष से कम पाए जाने पर बीएमओ ऐसे हितग्राही की लाईन लिस्टम तैयार कर महिला बाल विकास को भेजा जाए। जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रतिदिन रिपोर्ट अनमोल पोर्टल से निकालकर भेजे एवं डाटा की प्रतिदिन मॉनीटरिंग की जाए। प्रति सप्ताह सेक्टर बैठक में आशा एवं ए.एन.एम. की जानकारी ली जाए। अनमोल पोर्टल पर ए.एन.एम. के माध्यम से तत्काल शतप्रतिशत एण्ट्री कराई जाए, जिसकी मॉनीटरिंग स्वयं बीएमओ द्वारा की जाए। ब्लॉक स्तरीय बैठक जिले से निर्धारित कर जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा बैठक ली जाए और सघन मॉनीटरिंग की जाए।

कलेक्टर श्रीमती पटले ने हाई रिस्क चिन्हांकन एवं प्रबंधन का डाटा अनमोल पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं होने पर जिले की समस्त स्‍वास्‍थ्‍य संस्थाओं में ऑफ लाईन रजिस्टर रखने और हितग्राही को दी जाने वाली सेवाओं के प्रबंधन की रिकार्ड संधारित करने के लिए कहा। साथ आगामी टी.एल. बैठक में जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। उन्होंने मातृ मृत्यु दर की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये कि समस्त हाई रिस्क महिलाओं की लाईन लिस्ट तैयार कर ब्लॉक स्तर से दी जाने वाली स्‍वास्‍थ्‍य सेवाओं की सघन मॉनीटरिंग की जाए। इस कार्य में लापरवाही बरतने पर संबंधित आशा कार्यकर्ता की प्रोत्साहन राशि में कटौत्री की जाए। समस्त आशा कार्यकर्ताओं द्वारा एलएमपी रजिस्टर संधारण कर गर्भवती माताओं के लगातार घर- घर जाकर की जा रही विजिट की सघन मॉनीटरिंग की जाए। जो आशा कार्यकर्ता इस कार्य में रूचि लेकर कार्य नहीं करती पाई जाती हैं, तो कार्य में सुधार के लिए नोटिस जारी करने और कार्य में सुधार नहीं होने पर सेवा से पृथक करने की कार्यवाही की जाए। ब्लॉक स्तर पर बीएमओ द्वारा आशा कार्यकर्ता द्वारा किए जा रहे कार्य व विजिट की मॉनीटरिंग करे और आशा डायरी बीएमओ द्वारा स्वयं चेक की जाए। आरबीएमके कार्यक्रम के अंतर्गत जिन ब्लॉक में 2 टीम होने और जिन ब्लॉक में एक ही टीम है, उन ब्लॉक में कार्य कराए जाने की कार्यवाही की जाए। दस्तक अभियान की समीक्षा कर शतप्रतिशत पोर्टल पर डिजीटाईजेशन कर मैदानी स्तर पर शतप्रतिशत कार्य कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *