हरियाणा के अंबाल में राहुल गांधी ने बीजेपी और अडानी पर लगाए आरोप

अंबाला। हरियाणा में विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अंबाला की जनसभा में मोदी सरकार और अडानी समूह पर गंभीर आरोप लगाए। राहुल गांधी ने कहा कि अडानी खेत में मेहनत नहीं करते और न ही कोई छोटा व्यापार। हर सुबह उनके बैंक अकाउंट में सुनामी की तरह पैसा आता है जबकि आपके बैंक अकाउंट से पैसा तूफान की तरह जाता है।राहुल गांधी ने कांग्रेस की नई योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि महिला शक्ति योजना के तहत महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने दो जहार रुपए जमा किए जाएंगे। एलपीजी सिलेंडर 500 रुपए में दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि हम पुरानी पेंशन योजना को फिर से लागू करेंगे और विधवाओं, बुजुर्गों और विकलांगों के लिए हर महीने छह हजार रुपए का योगदान देंगे। किसानों को एमएसपी की गारंटी दी जाएगी।
वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यहां का किसान पूरे देश का अन्नदाता है। आपने लंबे समय तक आंदोलन किया, लेकिन आपको भरोसा दिया गया कि एनएसपी मिलेगी, जो आज तक नहीं मिली। नौजवानों को रोजगार नहीं मिल और सरकार ने इस दिशा में कुछ नहीं किया। प्रियंका ने ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने आपके लिए कुछ नहीं किया।
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा की, जिसके बाद देशभर के कार्यकर्ताओं में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है। आज हरियाणा में एक ही आवाज उठ रही है कि कांग्रेस आ रही है और बीजेपी जा रही है। हमारी 36 बिरादरी ने मन बना लिया है-अबकी बार हरियाणा में कांग्रेस की सरकार। इस जनसभा में बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक और स्थानीय नेता उपस्थित थे, जिन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के विचारों का समर्थन किया। राहुल गांधी ने जनता से अपील की कि वे कांग्रेस को समर्थन दें और बीजेपी सरकार की नीतियों के खिलाफ खड़े हों।
