
दमोह: कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बताया कि सी. एम. हेल्पलाईन, जनसुनवाई एवं अन्य माध्यमों से में प्राप्त होने वाली शिकायतों में लगभग 20 से 40 प्रतिशत शिकायतें ऐसी होती हैं, जिनमें दो पक्षों के बीच जमीन संबंधी विवाद रहता है एवं जिनमें राजस्व तथा पुलिस विभाग की संयुक्त कार्यवाही की अपेक्षा रहती है और इन शिकायतों का निराकरण दोनों विभागों के आपसी समन्वय से किया जा सकता है। उन्होने बताया ऐसी शिकायतों के सकारात्मक निराकरण कराये जाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय समन्वय बैठक 23 जुलाई में लिए गए निर्णय अनुसार पुलिस थाना स्तर पर क्षेत्र के तहसीलदार/अपर तहसीलदार / नायब तहसीलदार एवं थाना प्रभारी की उपस्थिति राजस्व एवं पुलिस विभाग के संयुक्त रूप से जनसुनवाई के आयोजन किये जायें।
थाना स्तर पर प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर श्री कोचर के निर्देशन में और पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी के मार्गदर्शन में थाना स्तरीय जनसुनवाई प्रत्येक मंगलवार को प्रातः 11 बजे से शाम 04 बजे तक आयोजित की जायेगी। सी.एम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतकर्ताओं को जनसुनवाई में उपस्थित होने हेतु तहसील कार्यालय एवं पुलिस थाना द्वारा एक दिवस पूर्व सूचित किया जायेगा। ऐसे शिकायतकर्ता जिनकी शिकायत पूर्व से सीएम हेल्पलाइन अथवा अन्य माध्यम पर पूर्व से दर्ज नहीं हैं, जनसुनवाई में उपस्थित होने की स्थिति में उनकी शिकायतों के भी समाधानकारक निराकरण किये जाने के निर्देश दिए गये है। राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों द्वारा प्रयास किये जायें कि थाना स्तरीय जनसुनवाई में शिकायतकर्ताओं की शिकायतों का निराकरण समाधानकारक हों। क्षेत्र के संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), नगर पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के द्वारा थाना स्तरीय जनसुनवाई की सतत निगरानी व पर्यवेक्षण किया जाये। प्रत्येक मंगलवार को थाना स्तरीय जनसुनवाई की थाना स्तर पर पंजी संधारित की जाये एवं समापन उपरांत कलेक्टर कार्यालय (लोक सेवा प्रबंधन विभाग दमोह) को संलग्न प्रपत्र में रिपोर्ट प्रेषित की जाये।
