Spread the love

युवक के पास से 1 लाख 35 हजार रुपए जब्त
बालाघाट। भरवेली थाना पुलिस ने बैंक में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक फैजान खान पिता अब्दुल रऊफ खान 30 वर्ष वार्ड क्रमांक 10 रजा नगर जामिया नूरिया मदरसे के पीछे बालाघाट का निवासी है। युवक के खिलाफ धारा 318 (4) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर प्रकरण को जांच में लिया गया है। गिरफ्तार युवक के पास से पुलिस ने 1 लाख 35 हजार रुपए जब्त किए है। युवक से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि हीरापुर निवासी आशीष जॉन ने 31 जुलाई को थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उल्लेख किया था कि एफके स्ट्रेटजी के संचालक फैजान खान निवासी बालाघाट ने उसे एक्सिस बैंक में असिस्टेंट मेनेजर की नौकरी दिलाने के नाम एक लाख 58 हजार रुपए की ठगी की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया। विवेचना के दौरान भरवेली थाना प्रभारी संजय ऋषिश्वर की टीम ने फैजान को गिरफ्तार कर लिया है। फैजान के पास से पुलिस ने नगद 1 लाख 35 हजार रुपए की राशि बरामद की है। शेष राशि की जब्ती के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि फैजान खान ने अन्य किसी भी व्यक्ति के साथ नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी की हो तो वे उसकी शिकायत भरवेली थाना या नजदीकी थाना में दर्ज करा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *