Spread the love

स्वच्छता वाहनों का पूजन कर नगर पालिका अध्यक्ष ने वार्डों को किया आबंटित
बालाघाट। नगर पालिका परिषद बालाघाट को 6 नए स्वच्छता वाहन प्राप्त हुए है। मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर ने इन वाहनों की विधिवत पूजा-अर्चना कर उन्हें वार्डों को आबंटित किया। संबंधित वार्डों के पार्षद व प्रतिनिधियों के साथ ही वाहन चालकों को चाबी सौंपी गई। पार्षदों ने भी नये स्वच्छता वाहन मिलने पर खुशी जताई। जिन वार्डों में नए कचरा वाहन दिये गये है उनमें वार्ड क्रमांक 6, 13, 21, 23, 25 एवं 30 शामिल है। इन 6 नए वाहनों के साथ अब नगरीय क्षेत्र में 16 वाहनों से कचरा का संग्रहण किया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर ने बताया कि पूर्व में 10 वाहनों का आबंटन किया जा चुका है और भी 6 नये वाहन पहुंचे है, जिन्हें भी वार्डों को दिया गया है। लगभग 1.20 करोड़ रूपये की लागत से इन वाहनों की खरीदी शहर के वार्डों में कचरा संग्रहण के लिये की गई है। अभी भी कुछ वार्डों के वाहनों में दुरुस्तीकरण की आवश्यकता है जिन्हें जल्द से जल्द दुरुस्त करने सम्बंधित स्वास्थ्य शाखा प्रभारी को निर्देशित किया। नपाध्यक्ष ने बताया कि शहर में मानव संसाधन के साथ ही वाहनों के माध्यम से स्वच्छता कार्य किया जाता है, शहर को साफ-सुथरा बनाये रखना और प्रतिदिन डोर टू डोर कचरा संग्रहण महत्वपूर्ण कार्य है। इसके पूर्व भी जो स्वच्छता वाहन पहुंचे थे उन्हें वार्डों में लगाया गया है जिसके तहत कचरा संग्रहण कार्य में तेजी आई है उसी मंशा के साथ क्रय किए गए 6 नये कचरा वाहन भी अब उन वार्डो में पहुंचेंगे जहां पर इसकी अत्यंत आवश्यकता बनी हुई थी। उन्होंने बताया कि 4 वाहनों की गुणवत्ता ठीक नहीं होने का आक्षेप लगाया गया था किंतु जांच में यह वाहन भी सही पाये गये है। नये वाहनों से ना सिर्फ स्वच्छता कार्य गति से होगा बल्कि शहर में साफ-सफाई भी बनी रहेगी। इस दौरान नपाध्यक्ष ने शहरवासियों से भी आग्रह किया कि वे शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में योगदान दें। कचरें को चौराहों, सडक़ों के किनारे ना फेंके बल्कि कचरा वाहन में ही दें। प्लास्टिक-पालीथीन उपयोग ना करने का संकल्प लेकर स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाएं ।
इस अवसर पर स्वच्छता समिति सभापति संगीता कावरे, वकील वाधवा, कमलेश पांचे, उज्जवल आमाडारे, मानक बर्वे, प्रवीण मदनकर, खगेश कावरे, धीरज सुराना सहित अन्य पार्षद उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *