Spread the love

मतदातों का नाम सूची से हटाना आतंकवाद से खतरनाक – स्टालिन
मुजफ्फरपुर। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा का बुधवार को 11वां दिन है। यात्रा मुजफ्फरपुर के जारंग हाई स्कूल मैदान में पहुंची। जहां राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित कर कहा कि इन लोगों ने महाराष्ट्र और गुजरात का चुनाव चोरी किया। हम लोग कुछ बोलते नहीं थे, क्योंकि सबूत नहीं था। अब हमारे पास सारे सबूत हैं।
इसके पहले तमिलनाडु के सीएम स्टालिन ने कहा कि मतदातों का नाम सूची से हटाना आतंकवाद से खतरनाक है। बीजेपी ने चुनाव आयोग को अपनी कठपुतली बना लिया है। राहुल गांधी के शब्दों और आंखों में कभी डर नहीं होता।
इसके पहले राहुल गांधी ने दरभंगा से सुबह साढ़े 8 बजे अपनी यात्रा शुरू की थी। इस दौरान वे प्रियंका गांधी को साथ लेकर बुलेट से भी चले। मुजफ्फरपुर में सभा को संबोधित कर राहुल गांधी ने कहा, भारत-पाकिस्तान की जब लड़ाई हो रही थी तब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ये लड़ाई रुकनी चाहिए। ट्रंप ने मोदी से कहा कि 24 घंटे में लड़ाई बंद करे। मोदी ने 5 मिनट में लड़ाई को बंद कर दिया, लेकिन मीडिया ने इस बात को नहीं दिखाया। मीडिया हमारी बात नहीं सुनता। हमारी खबरें नहीं दिखाता। राहुल गांधी ने कहा, 2014 से पहले ये (वोट चोरी) गुजरात में शुरू हुआ। गुजरात मॉडल आर्थिक मॉडल नहीं है, गुजरात मॉडल वोट चोरी करने का मॉडल है, उस मॉडल को ये लोग 2014 में राष्ट्रीय स्तर पर लाए। हम कुछ कहते नहीं थे, क्योंकि हमारे पास कोई सबूत नहीं था, लेकिन महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव में हमें सबूत मिल गया। लोकसभा में हमारा गठबंधन जीतता है, लेकिन 4 माह बाद विधानसभा चुनाव में हमारा गठबंधन जमीन पर दिखाई नहीं देता है। चुनाव आयोग ने लाखो-करोड़ों वोट जोड़े। वे सारे के सारे वोट भाजपा के खाते में जाते हैं और उन मतों से भाजपा चुनाव जीतती है।
वहीं वोट अधिकार यात्रा में शामिल हुए सीएम स्टालिन ने कहा, हमारे नेता करुणानिधि और लालू यादव बहुत अच्छे दोस्त थे। लालू देश के सबसे प्रमुख नेताओं में से एक हैं, क्योंकि वे भाजपा से कभी नहीं डरे। लालू से ही प्रेरणा लेकर उनके बेटे तेजस्वी भी उनके नक्शेकदम पर चल रहे हैं।
स्टालिन ने कहा कि जनता के कल्याण और लोकतंत्र के लिए हम एकजुट हुए हैं। यही मित्रता अब बिहार चुनाव में हमें जीत दिलाएगी। भाजपा की विश्वासघाती राजनीति हरने वाली है। चुनाव से पहले आपकी जीत पक्की है, इसलिए वे इस जीत को रोकना चाहते हैं। निष्पक्ष और सही तरह से मतदान होने पर भाजपा हार जाएगी, इसलिए ये डरे हुए हैं। इन लोगों ने चुनाव आयोग को अपने हाथ की कठपुतली बना लिया है। 65 लाख बिहार के लोगों को वोटर लिस्ट से हटा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *