
देवरी। लोकायुक्त पुलिस सागर ने पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश पर गुरुवार को एक बड़ी ट्रैप कार्रवाई की। ग्राम पड़रई बुजुर्ग तहसील देवरी के सरपंच दिनेश सिंह राजपूत ने शिकायत की थी कि उनके द्वारा कराई गई 371 क्विंटल मूंग की तुलाई को शिविका वेयरहाउस सहजपुर का संचालक दिव्यांश तिवारी खराब ग्रेडिंग बताकर रखने से मना कर रहा है। इस पर सेवा सहकारी समिति जरुआ केसली के सहायक प्रबंधक संतोष चौबे, सहायक राजेश पांडे एवं संचालक दिव्यांश तिवारी ने सही ग्रेडिंग रिपोर्ट व वेयरहाउस में भंडारण के लिए 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी। सत्यापन के बाद आरोपी 1 लाख रुपये पर राजी हो गए। 28 अगस्त 2025 को निरीक्षक रोशनी जैन की टीम ने संतोष चौबे को 1 लाख रुपये लेते रंगे हाथों पकड़ा। चौबे ने यह रकम सहायक अजय सिंह घोषी को सौंप दी थी, जिसे सह आरोपी बनाया गया है। कार्रवाई में निरीक्षक कमल सिंह उइके व रंजीत सिंह सहित पूरी टीम शामिल रही।
