
पीएम मोदी लोगों को अपना चेहरा नहीं दिखा पाएंगे- राहुल गांधी
पटना। पटना में राहुल-तेजस्वी के वोटर अधिकार मार्च में डाकबंगला चौराहे पर जनसभा हुई। यहां राहुल गांधी ने कहा, जिन शक्तियों ने महात्मा गांधी की हत्या की, वहीं लोग संविधान की हत्या की कोशिश में लगे हैं। हम ऐसा नहीं करने देंगे। बिहार में यात्रा को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है। बीजेपी के लोग काले झंडे दिखा रहे हैं। बीजेपी के लोग सुन लें, एटम बम से बड़ा हाइड्रोजन बम होता है, वो आ रहा है। वोट चोरी की सच्चाई पूरे देश को पता लगने वाली है। हाइड्रोजन बम के बाद नरेंद्र मोदी देश को अपना चेहरा नहीं दिखा पाएंगे। पदयात्रा में टीएमसी के सांसद यूसुफ पठान, शिवसेना की तरफ से संजय राउत, एनसीपी से शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले, केसी वेणुगोपाल, भूपेश बघेल, रेवंत रेड्डी, अशोक गहलोत, झारखंड सीएम हेमंत सोरेन, कर्नाटक के डिप्टी सीएम डी शिव कुमार शामिल हुए।
राहुल गांधी ने कहा कि बिहार के युवाओं को मैं कहना चाहता हूं, वोट चोरी का मतलब अधिकार की चोरी, आरक्षण की चोरी, रोजगार की चोरी, शिक्षा की चोरी, लोकतंत्र की चोरी, युवाओं के भविष्य की चोरी। यह आपकी जमीन, आपका राशन कार्ड लेकर अडाणी-अंबानी को दे देंगे। महात्मा गांधी की हत्या करने वाली शक्ति संविधान की हत्या करने की कोशिश कर रहे हैं। हम इन्हें संविधान की हत्या नहीं करने देंगे। हमने बिहार की यात्रा की। बिहार के सारे के सारे युवा खड़े हो गए। छोटे-छोटे बच्चे जीप के पास आते थे, कहते थे वोट चोर, गद्दी छोड़। बीच में बीजेपी के लोग काले झंडे दिखाते थे। आपने एटम बम का नाम सुना है? एटम बम से बड़ा हाइड्रोजन बम होता है। बीजेपी के लोगों तैयार हो जाओ, हाइड्रोजन बम आ रहा है। पूरे देश को आपकी सच्चाई पता लगने वाली है। हाइड्रोजन बम के बाद नरेंद्र मोदी जी अपना चेहरा देश को नहीं दिखा सकेंगे।
सतर्क नहीं रहे तो मोदी-शाह डुबो देंगे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संबोधित करते हुए कहा कि इस 15 दिन की यात्रा पूरे देश में चर्चा चली। भाजपा ने इसमें रुकावट डालने की पूरी कोशिश की। गठबंधन के लोग राहुल जी या तेजस्वी जी नहीं डरे। वोट चोरी करने वाले पैसा चोरी करने की भी आदत रखते हैं। बैंक से चोरी कर बाहर जाने वालों को भी यह संभालते हैं। मोदी जी बिहार में वोट चोरी कराकर जीतना चाहते हैं। सतर्क नहीं रहेंगे तो यह मोदी और शाह आपको डुबा देंगे। आजादी के बाद जो वोट का अधिकार दिलाया गया, उसे खोना नहीं। यह महात्मा गांधी, आंबेडकर और नेहरु जी ने अधिकार दिया है। सीएम नीतीश कुमार पर हमला करते हुए खरगे ने कहा कि यह आरएसएस वाले आपको कचरा में जाकर फेकेंगे। खरगे ने पुलिस को राहुल गांधी की यात्रा रोकने के लिए भी आड़े हाथ लिया। उन्होंने नारा लगवाया- मोदी को हटाओ।
वोट चोरी करने वाले पकड़े गए
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि यह चुनाव बिहार नहीं, देश को बचाने का अवसर है। षडयंत्रकारियों के खिलाफ बड़ा आंदोलन करना है। इन्होंने मुझे भी जेल में डाल दिया थ। बिहार की ऐतिहासिक धरती से आग्रह है कि जिस तरह से वोटर रिवीजन का काम किया है, लेकिन यह विशेष और गहन- दोनों को जोडक़र पुनरीक्षण कराया गया है और यह गलत है। साजिश है। आज यह वोट चोरी करने वाले पकड़े गए हैं। आज हम इसका पर्दाफाश कर रहे हैं। ईडी-सीबीआई जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग करने वाले चुनाव आयोग का दुरुपयोग कर लोकतंत्र को बर्बाद कर रहे हैं।
लालू का बेटा एफआईआर से नहीं डरता
आज तक लालू यादव इनके आगे झुके नहीं, तेजस्वी भी नहीं झुकेगा। जब लालू जी इनके आडवाणी को गिरफ्तार करवा दिए तो उनका बेटा तेजस्वी डरने वाला नहीं है। हमारे तो भगवान का ही जन्म जेल में हुआ था। बिहार में जो सरकार चल रही है, यह डबल इंजन की सरकार है, जिसका एक इंजन अपराध और दूसरा भ्रष्टाचार में लगा हुआ है। ये बिहारियों को ठगना चाहते हैं। बिहार उड़ती चिडिय़ां को हल्दी लगाना जानता है।
