
जबलपुर। सामाजिक ताना बाना बिखर रहा है, छोटी उम्र में लड़के इश्कबाजी और चाकूबाजी कर रहे हैं. यह समाज के लिये अच्छा संकेत नहीं है. दरअसल सोशल मीडिया कम उम्र के बच्चों को न केवल भ्रमित कर रहा है, बल्कि उन्हें अपराध जगत में भी ढकेल रहा है. ऐसी ही एक वारदात कजरवारा नई रोड जाट पुलिया के पास हुई, जहां कक्षा आठवीं में पढ़ने वाले एक नाबालिग छात्र को उसके ही तीन नाबालिग दोस्तों ने फुफेरी बहन से बात करने पर नाराज होकर चाकू से प्राण घातक हमला कर दिया. घायल नाबालिग को इलाज के लिये विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
गोहलपुर पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार गोहलपुर थाना क्षेत्र में रहने वाला 15 वर्षीय नाबालिग कक्षा आठवीं का छात्र है. 13 सितम्बर की रात 10 बजे उसके 17 वर्षीय कटंगा निवासी दोस्त ने फोन करके बुलाया. जहां दोस्त दो अन्य नाबालिगों के साथ मौजूद था. दोस्त ने कहा तेरे से मना किया था, मेरी बुआ की लड़की से बात मत करना. फिर भी तू नहीं मान रहा. इसी बात को लेकर तीनों उसके साथ गाली गलोज करने लगे, उसने गालियां देने से मना किया तो तीनों हाथ मुक्कों से मारपीट करने लगे. 17 वर्षिय लड़के ने चाकू से हमलाकर गले में चोट पहुचा दी उसके साथियों ने बीच बचाव किया तो तीनों जान से मारने की धमकी देते हुये भाग गये। रिपोर्ट पर धारा 296, 109, 3(5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
