समिति सदस्यों ने रखे पर्वो को लेकर सुझाव शांति समिति की बैठक सम्पन्न

दमोह। जिले में आगामी पर्व नवरात्रि, दुर्गा उत्सव एवं दशहरा पर्व मनाए जाने संबंधी शांति समिति की बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट मिशा सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम, सीईओ जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदोरिया, समिति सदस्यगण, गरबा आयोजनकर्ता मौजूद रहे। जिला मजिस्ट्रेट मिशा सिंह ने पर्वो को शांति/सद्भावना से मनाये जाने एवं संबधित विभागों से व्यवस्थाएं बनाये रखने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि उक्त पर्वो को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन पूर्व वर्षों की भांति सुचारू एवं व्यवस्थित व्यस्थाओं के लिये तत्पर है, जिसमें समिति सदस्यों का पूर्ण सहयोग अपेक्षित है।उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की निर्धारित गाइड लाईन के तहत नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने एवं देवीजी प्रतिमा विसर्जन चल समारोह में पूर्व वर्षों की भांति व्यवस्थातर्गत निर्देश दिए तथा सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु आदेशित किया ।बैठक में कार्यक्रम अनुसार नवरात्रि एवं दुर्गा उत्सव 22 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2025 तक आयोजित होगें। इसी प्रकार रामदल जुलूस 29 सितम्बर, जवारे विसर्जन 30 सितम्बर, रावण दहन कार्यक्रम 01 अक्टूबर एवं देवीजी विसर्जन 02 अक्टूबर 2025 को किया जायेगा।जिला मजिस्ट्रेट मिशा सिंह ने उपस्थिति समिति सदस्यों से आगामी पर्वो के संबंध में विस्तृत चर्चा की। समिति सदस्यों द्वारा नवरात्रि एवं दुर्गा उत्सव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

नवरात्रि पर्व तक बड़ी देवी मंदिर में समुचित प्रशासनिक व्यवस्थाओं हेतु अनुरोध किया गया। समिति सदस्यों द्वारा रामदल जुलूस के संबंध में बताया जुलूस शिवाजी पार्क से प्रारंभ होकर मोरगंज पहुंचेगा। मोरगंज से घंटाघर, बकौली, टॉकीज तिराहा, पुराना थाना, गढ़ी मोहल्ला, चमन चौक, गड़रयाउ, पठानी मोहल्ला, गौरीशंकर तिराहा से बडी देवी प्रांगण में पूजा अर्चना पश्चात रामदल जुलूस का समापन होगा । समिति सदस्यों ने जवारे विसर्जन के संबंध में बताया फुटेरा तालाब और दीवानजी तलैया में जवारे का विसर्जन किया जाएगा।
समिति सदस्यों से प्राप्त सुझाव
बैठक में समिति सदस्यों ने नवरात्रि के दौरान यातायात व्यवस्था, देवी मंदिरों के मार्गों पर साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था, विसर्जन मार्ग पर झूलते केवल/बिजली तारों को ठीक कराये जाने, देवीजी प्रतिमा विसर्जन मार्ग के गढढों को भरे जाने, खुले में मास-मदिरा विक्रय न होने,दुर्गा उत्सव के दौरान पंडालो एवं उनके आस-पास साफ-सफाई व्यवस्था, शहर में यातायात व्यवस्था एवं बड़े वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किये जाने, तहसील ग्राउण्ड में रावण दहन के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं, रामदल जूलुस के दौरान यातायात व्यवस्था, जवारे विसर्जन के दौरान तालाबों की साफ-सफाई ,त्यौहारो के दौरान बिजली कटौती नहीं होने, गरबा आयोजन के दौरान आयोजनकर्ता एवं प्रतिभागियों द्वारा पारंपरिक संगीत और परिधान का पालन किये जाने आदि के संबंध में जानकारी दी।
