
जबलपुर । जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने वन विभाग में पदस्थ वनपाल को पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी पाटन तहसील के कटरा मोहल्ला में रहने वाले कारपेंटर से क्षेत्र में लकड़ी का काम बेरोक टोक करने के एवज में रिश्वत की मांग करता था। कुछ लोग डरकर उसे हर माह पैसा भी देते थे। शिकायतकर्ता कारपेंटर शकील पिता मोहम्मद वहीद से बीते कई माह से आरोपी वनपाल ढेलन सिंह यादव तीन हजार रुपए लिया करता था। पर इस माह से उसने 3 हजार की जगह हर माह पांच हजार की मांग यह कह करते हुए कर दी कि मंहगाई बढ़ गई है, इसलिए अब रेट भी बढ़ना चाहिए। शिकायतकर्ता ने जब पांच हजार रुपए देने से मना करते हुए कहा कि यह राशि बहुत ज्यादा है, तीन हजार से साढ़े तीन हजार कर लिए पर वनपाल नहीं माना और धमकी दी अगर पांच हजार नहीं मिले तो काम नहीं कर सकते।
पाटन निवासी शकील ने वनपाल ढेलन सिंह के कार्यलाय और घर के कई चक्कर काटे पर धमकी दी गई कि अगर पांच हजार रुपए हर माह नहीं दे सकते तो, काम बंद कर दो। परेशान होकर कारपेंटर ने जबलपुर लोकायुक्त एसपी को शिकायत की, जिसके बाद परीक्षण करवाया गया और पाया कि ढेलन सिंह रिश्वत के लिए परेशान कर रहा है। गुरुवार की शाम को शकील मोहम्मद ने ढेलन सिंह को काल किया तो आरोपी ने घर बुलाया कि यहां आ जाओ साथ में बैठकर चाय पीते है।

शिकायतकर्ता शकील ने जैसे ही वनपाल ढेलन सिंह को पत्नी के सामने रिश्वत के पांच हजार रुपए दिए, तभी लोकायुक्त पुलिस ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। लोकायुक्त पुलिस को पूछताछ में शकील ने बताया कि पूरे पाटन क्षेत्र मे जितने भी फर्नीचर की दुकान है, सभी से हर माह यह तीन से पांच हजार रुपए रिश्वत लेता है, ना देने पर कार्रवाई की धमकी दी जाती है, इतना ही नहीं पाटन से निकलने वाले वाहनों से भी ढेलन सिंह अवैध वसूली किया करता था।7 माह पहले आरोपी ढेलन सिंह जब सिहोरा में पदस्थ थे, तब भी उनके खिलाफ शासकीय लकड़ी को अवैध रूप से बेचने की शिकायत डीएफओ तक पहुंची थी, जिसकी जांच के बाद यह पाया कि शिकायत पूरी तरह से सही है, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए डीएफओ ऋषि मिश्रा ने निलंबित करते हुए पाटन में अटैच किया था।
लोकायुक्त से प्रतिवेदन मिलते ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी…
डीएफओ का कहना है कि लोकायुक्त ने रिश्वत लेते हुए वनपाल को गिरफ्तार किया है। मौके पर एसडीओ को भेजा गया है। लोकायुक्त से प्रतिवेदन मिलते ही ढेलन सिंह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
