Spread the love

पुलिस ने किया लाठीचार्ज, कई प्रदर्शनकारी घायल, 29 को किया गिरफ्तार
मुंबई। यूपी के बरेली में शुरू हुआ आई लव मोहम्मद का विवाद अब महाराष्ट्र पहुंच गया है। महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में सोमवार को सड़क पर ‘आई लव मोहम्मद’ लिखे होने के बाद मुस्लिम समुदाय भड़क गया और लोगों ने सड़कों पर उतर कर इसके खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। पुलिस का आरोप है कि इस प्रदर्शन में गुस्साए लोगों ने पथराव कर दिया, जिससे हालात बिगड़ गए और पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अहिल्यानगर जिले के कोटला गांव में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया। इसमें कई प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं। पुलिस ने बवाल बढ़ता देख 29 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 150 से ज्यादा लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमवार को कोतवाली क्षेत्र के कोटला में विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ, जब किसी ने सड़क पर आई लव मोहम्मद लिख दिया। इस पर मुस्लिम समुदाय ने आपत्ति जताई और कोतवाली थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई।
अधिकारी ने कहा कि सड़क पर आई लव मोहम्मद लिखने को लेकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इसके बावजूद कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया लेकिन भीड़ में से कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने स्थिति संभालने लाठीचार्ज कर दिया। एसपी ने बताया कि विरोध प्रदर्शन, सड़क पर अवरोध और पथराव के सिलसिले में 29 लोगों को गिरफ्तार किया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बल का इस्तेमाल किया। पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि लोग अफवाहों पर विश्वास नहीं करें और न ही अफवाहें फैलाएं।
यवतमाल की यात्रा कर रहे सीएम देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि अधिकारी इस बात का पता लगाएंगे कि क्या राज्य में शांति भंग करने और तरह-तरह के बोर्ड लगाकर समाज का ध्रुवीकरण करने की कोई साजिश तो नहीं है। उन्होंने कहा कि हर कोई अपने धर्म को मानने के लिए स्वतंत्र है, लेकिन ध्रुवीकरण में शामिल होने की किसी को इजाजत नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *