Spread the love

नई दिल्ली। सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी दक्षिण अमेरिका के चार देशों कोलंबिया, ब्राज़ील, पेरू और चिली के दौरे पर हैं। यात्रा के दौरान वे राजनीतिक नेताओं, छात्रों और कारोबारियों से मुलाकात कर रहे हैं। वे अभी पेरू की राजधानी लीमा में हैं, जहां उनका पारंपरिक संगीत और नृत्य के साथ जोरदार स्वागत किया गया।
राहुल गांधी ने कोलंबिया के सीनेट अध्यक्ष लिडियोस गार्सिया से भी मुलाकात की और पेरू के साथ संसदीय मित्रता समूह शुरू करने की घोषणा की। कांग्रेस का कहना है कि यह पहल भारत और लैटिन अमेरिकी देशों के साथ राजनीतिक और कारोबारी रिश्ते गहरे करने का अवसर है। कोलंबिया की एक यूनिवर्सिटी में आयोजित सेमिनार को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भारत में इस समय लोकतांत्रिक ढांचे पर संपूर्ण हमला हो रहा है, जो देश के लिए सबसे बड़ा खतरा है। उन्होंने कहा कि भारत में अब बहुत केंद्रीकृत स्तर पर भ्रष्टाचार हो रहा है। तीन-चार बड़े कारोबारी पूरे अर्थतंत्र पर कब्जा कर रहे हैं और पीएम से उनका सीधा संबंध है।
राहुल गांधी ने नोटबंदी और जीएसटी जैसी नीतियों को छोटे और मध्यम व्यवसायों को नुकसान पहुंचाने वाली बताया। उन्होंने कहा कि नोटबंदी एक नाकाम नीति थी, जिसने छोटे कारोबारियों को तबाह कर दिया और बड़ी कंपनियों को बढ़त दी। जीएसटी भी इसी दिशा में बनाई गई। उन्होंने कहा कि भारत की जटिल सामाजिक संरचना को देखते हुए लोकतंत्र ही एकमात्र रास्ता है। राहुल गांधी ने कहा कि भारत की विविध भाषाओं, परंपराओं और धर्मों को जगह देने का सबसे अच्छा तरीका लोकतंत्र है। हम चीन की तरह अधिनायकवादी व्यवस्था नहीं अपना सकते हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में केवल निजीकरण काम नहीं करेगा, इसलिए सरकार की सक्रिय भागीदारी जरुरी है। उन्होंने चीन-अमेरिका प्रतिस्पर्धा के संदर्भ में राहुल ने कहा कि दुनिया इस समय आंतरिक दहन इंजन से इलेक्ट्रिक मोटर की ओर संक्रमण देख रही है और इस दौड़ में फिलहाल चीन आगे है।
राहुल गांधी ने कहा कि भारत का दृष्टिकोण नेतृत्व करने का नहीं, बल्कि साझेदारी का है। उन्होंने यह भी कहा कि हम बड़े देश हैं, हमारी जिम्मेदारी है कि साझेदारी में काम करें, लेकिन हम यह नहीं मानते कि हमें दुनिया का नेतृत्व करना चाहिए।
वहीं बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राहुल गांधी पर हमला बोला उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक बार फिर विदेश में भारत का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता लोकतांत्रिक आलोचना की आड़ में भारत माता को बदनाम कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *