
एसपी की विशेष टीम ने दो इनामी बदमाशों को पकड़ा
छिंदवाड़ा। संगठित गिरोह बनाकर झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर अवैध रूप से वसूली करने वाले फरार आरोपी को एसपी की विशेष टीम ने नोनिया करबल से दबोच लिया और उसे न्यायालय के सुपुर्द कर दिया। पुलिस कप्तान के निर्देश पर फरार आरोपियों और वारंटियों को पकडऩे के लिए चलाई जा रही मुहिम के तहत एसपी की विशेष टीम आरोपियों की धरपकड़ कर रही है। इसी कड़ी में न्यायालय से फरार चल रहे अभियुक्त राजा खत्री को टीम ने दबोच लिया। राजा खत्री संगठित गिरोह बनाकर अपराधिक षडय़ंत्र रच कर योजनाबद्ध तरीके से भोले भाले लोगों से सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क कर उन्हें ब्लेकमेल कर जान से मारने की धमकी देकर झूठे बलात्कार के केस में फसाने का कहकर उनसे अवैध रूपयों की वसूली कर आर्थिक एवं मानसिक क्षति पहुंचा रहा था जिसके खिलाफ देहात थाना में पूर्व से प्रकरण दर्ज है। इन घटनाओं के बाद राजा पिता विजय खत्री निवासी सांई नगर नोनिया करबल फरार चल रहा था। जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ा और न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। इसी तरह कोयलांचल के खिरसाडोह परासिया निवासी अभियुक्त रवि उर्फ अन्ना पिता सन्यासीराव को एसपी की विशेष टीम ने घेराबंदी कर पकड़ा और न्यायालय के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने बताया कि उक्त आरोपी अवैध हथियार खरीदी बिक्री करना, लूटपाट करना, दंगा करना, नाबालिक से बलात्कार, नाबालिक का अपहरण, महिलाओ से अभद्रता छेड़छाड़ करना, एट्रोसिटी एक्ट, आगजनी करना, चोरी करना, जिला बदर, झूठी गवाही, मारपीट जैसे कई मामलों में लंबे समय से फरार चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर विशेष टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया और न्यायलय में प्रस्तुत कर दिया। धरपकड़ करने वाली टीम में उनि चेतन मर्सकोले, एएसआई नितेश ठाकुर, डी.एस.शेंडे, प्रआ श्याम ठाकरे, रविन्द्र ठाकुर, नितिन सिंह, म.आर. शैलकुमारी शामिल रहे।
