शाद धर्म बदलने और संबंध बनाने के लिए उसे बार-बार धमकाता रहा

इन्दौर। दुष्कर्म के बाद मारपीट कर धर्मांतरण का दबाव बनाने के मामले में पुलिस ने भोपाल निवासी शाद सिद्दीकी पुत्र खालिद सिद्दीकी के खिलाफ रेप, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और जाति सूचक शब्द बोलने का केस दर्ज किया है। मामला विजयनगर थाने का है जहां एक छब्बीस वर्षीय युवती ने शिकायत दर्ज कराई है जिससे शाद नामक यह मुस्लिम युवक सचिन बनकर मिला था। युवती करणी सेना के पदाधिकारियों के साथ थाने पहुंची थी। मूलतः जबलपुर की रहने वाली युवती ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते बताया कि नौकरी की तलाश में दो साल पहले वह भोपाल आई थी जहां शाद ने उसे सचिन नाम से अपना परिचय दें उससे नौकरी ढूंढ़ने में मदद के नाम पर दोस्ती की थी लेकिन जब उसे वहां नौकरी नहीं मिली तो वह इंदौर आ गई और निजी कंपनी में नौकरी करते हुए महालक्ष्मी नगर में किराए का कमरा लेकर रहने लगी। इस दौरान उसकी शाद से लगातार बात होती रहती थी। युवती ने पुलिस को बताया कि सचिन उर्फ शाद 3 जनवरी 2025 को उससे मिलने इंदौर उसके कमरे पर आया था और वहां उसको माउथफ्रेशनर खाने को दिया। उसे खाते ही उसको चक्कर आने लगे और वह बेहोशी की अवस्था में चली गई। इस दौरान शाद ने उससे जबरदस्ती संबंध बना उसके फोटो तथा वीडियो बना लिए और जल्द ही शादी करने का कहा। इसके कुछ दिन बात शाद ने उसे अपने एक रिश्तेदार से उसको मिलवाया तब उसे शाद की हकीकत पता चली और तब ही शाद ने अपना असली नाम बताते उससे कहा कि उसके साथ रहना है तो धर्म बदलना पड़ेगा। इसी के बाद शादी होगी। इसके बाद शाद धर्म बदलने और संबंध बनाने के लिए उसे बार-बार धमकाता रहा। वह कई बार युवती को घुमाने भी ले गया और इस दौरान बुर्का भी पहनाया। पुलिस को युवती ने बताया कि उसने शाद से बचने के लिए अपना कमरा बदल लिया था। इसके बाद शाद एक अक्टूबर को फिर इंदौर पहुंचा और इनफिनिटी होटल में मिलने बुलाया। युवती वहां पहुंची तो शाद ने नए कमरे पर लेकर चलने को कहा और संबंध बनाने की जिद करने लगा। युवती ने इंकार किया, तो शाद ने जातिसूचक अपशब्द कहे और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देते उसके साथ मारपीट की। शाद के व्यवहार से परेशान हो चुकी युवती ने करणी सेना के पदाधिकारियों से सम्पर्क कर करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह को पूरी कहानी बताई। जिसके बाद शैलेन्द्र सिंह ने मानसिंह राजावत को मामले में वरिष्ठ अधिकारियों से बात कर कार्रवाई करने का कहा। मानसिंह राजावत युवती को साथ लेकर विजयनगर थाने पहुंचे जहां युवती के बयान के आधार पर पुलिस ने शाद के खिलाफ रेप, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने और मारपीट करने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
