Spread the love

इंदौर। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने इंदौर नगर निगम के जोन-19 में पदस्थ सहायक राजस्व अधिकारी पुनीत अग्रवाल और बिल कलेक्टर रोहित सावले को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। दोनों अधिकारियों पर एक स्क्रैप व्यापारी से गोदाम सील न करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था।
ईओडब्ल्यू के अधिकारियों ने बताया कि स्क्रैप व्यापारी संतोष सिलावट ने शिकायत दर्ज कराई थी कि संपत्ति कर जमा न करने के मामले में उनके गोदाम को सील न करने के लिए दोनों अधिकारी 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। पुनीत अग्रवाल के पास बकाएदारों पर कार्रवाई करने का अधिकार था, जिसका वे दुरुपयोग कर रहे थे।
शिकायत के आधार पर, ईओडब्ल्यू ने जाल बिछाया और जैसे ही व्यापारी सिलावट ने 40 हजार रुपये अग्रवाल को दिए, टीम ने छापा मारकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। निगम में रिश्वतखोरी का इस सप्ताह यह दूसरा मामला है। गिरफ्तारी के बाद, नगर निगम द्वारा दोनों अधिकारियों को निलंबित करने की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *