
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने नीतीश सरकार पर कसा तंज
पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने नीतीश सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने दावा किया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में डबल इंजन की सरकार की विदाई होना तय है। बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद राजनीतिक और तेज हो गई है। चुनावी तैयारियों के साथ-साथ आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। एनडीए और इंडिया ब्लॉक अपनी-अपनी सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं।
इसी बीच पूर्व सीएम लालू यादव ने कहा कि बिहार से डबल इंजन सरकार की विदाई तय है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में लिखा- छह और ग्यारह, एनडीए नौ दो ग्यारह। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने संकेत दिया कि बिहार से एनडीए की विदाई तय है। यह पहली बार नहीं है जब लालू ने बिहार सरकार पर निशाना साधा है। वह अक्सर सोशल मीडिया के जरिए सरकार पर कटाक्ष करते रहते हैं।
एक अन्य पोस्ट में लालू यादव ने सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में चल रही एनडीए सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार की डबल इंजन की सरकार का मतलब भ्रष्टाचार ही भ्रष्टाचार है। उन्होंने कहा कि इस भ्रष्ट व्यवस्था को बदलना है। इस बार बिहार के मुख्यमंत्री को बदलना है और सरकार भी बदलेंगे। जहां एक ओर लालू यादव सीएम नीतीश कुमार को लेकर हमलावर हैं और सरकार बदलने का दावा कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ बिहार का नेतृत्व वह अपने बेटे और राजद नेता तेजस्वी यादव में देखते हैं।
बता दें उन्होंने कई मंचों से तेजस्वी को बिहार का अगला सीएम बनाने के लिए जनता से अपील भी की है। एक पोस्ट में उन्होंने लिखा था- तेजस्वी के नेतृत्व में, नया बिहार बनाएंगे। बता दें बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान 6 नवंबर को और दूसरे चरण में 11 नवंबर को मतदान होगा। वहीं चुनाव के नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। चुनाव को लेकर आयोग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
