Spread the love

प्रदेशभर में नई व्यवस्था लागू होने से मिले अधिकार
दमोह। किसी भी तरह का अपराध कर विदेश भागे अपराधियों के खिलाफ उचित कार्रवाई के लिए पहले जिला पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ती थी। ऐसे फरार अरोपियो के खिलाफ इंटरनेशनल नोटिस (रेड, येलो या पर्पल) जारी करने के लिये जिला पुलिस को पीएचक्यू की सीआईडी शाखा से संपर्क कर मशक्कत करनी पड़ती थी।
इतना ही नहीं इंटरनेशनल नोटिस जारी करने की प्रक्रिया के चलते इसका प्रस्ताव सीआईडी से होकर सीबीआई के जरिए केंद्र को जाता था, इससे काफी देरी होती थी। लेकिन अब प्रदेशभर में नई व्यवस्था लागू हुई है, जिससे जिला पुलिस को राहत मिली है। नई व्यवस्था के तहत हर जिले के पुलिस अधीक्षक(एसपी) को इंटरनेशनल नोटिस (रेड, येलो या पर्पल) जारी करने का अधिकार मिल गया है। ये नोटिस अब सीधे भारत सरकार के गृह मंत्रालय को डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘भारत पोल’ के जरिए भेजे जाएंगे। इसके लिये हर जिले को पोर्टल की स्पेशल लॉग-इन आईडी दी गई है। गौरतलब है कि अपराध कर देश से बाहर भागे आरोपियो की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपराधी का पता लगाकर अस्थायी गिरफ्तारी के लिए सूचना अलर्ट जारी करने के लिये रेड नोटिस वहीं लापता, विशेष तौर पर नाबालिगों की तलाश के लिए येलो नोटिस और अपराधियों का तरीका, सामान और छिपने के तरीके साझा करने के लिये पर्पल नोटिस जारी किया जाता है। नई व्यवस्था से फरार अपराधियों पर स्थानीय स्तर पर तेज कार्रवाई संभव होगी। केंद्रीय स्तर की देरी खत्म होगी और जांच तेज़ होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *