Spread the love

27 अक्टूबर से शुरू होगा जिले में विशेष टीकाकरण अभियान

दमोह: कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बताया कि राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण शामिल है। इसी उद्देश्य से जिले में 27 अक्टूबर से विशेष टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया जा रहा है, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि यह अभियान तीन चरणों में चलेगा, प्रत्येक चरण 10 दिनों का होगा। पहले चरण में पलायन वाले बच्चों को प्राथमिकता दी जाएगी, क्योंकि दीपावली के अवसर पर ऐसे कई परिवार जिले में लौटे हैं और जल्द ही वापस जा सकते हैं।

कलेक्टर श्री कोचर ने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता और आशा सुपरवाइजर को निर्देश दिए गए हैं कि वे नए सिरे से बच्चों की सूची तैयार करें, पुरानी लिस्ट का उपयोग न करें। प्रत्येक गांव की नई सूची के आधार पर टीकाकरण सत्र संचालित किए जाएंगे। जहां एएनएम पद रिक्त हैं, वहां अन्य क्षेत्रों की एएनएम को जिम्मेदारी देकर सत्र आयोजित किए जाएंगे। पहले चरण के बाद दूसरे और तीसरे चरण में छूटे हुए बच्चों को कवर किया जाएगा।कलेक्टर श्री कोचर ने बताया कि तीसरे चरण में उन जटिल मामलों पर ध्यान दिया जाएगा, जिन परिवारों ने वैक्सीनेशन के प्रति अनिच्छा दिखाई है या बच्चे की बीमारी का हवाला देकर टीकाकरण से इनकार किया है। ऐसे परिवारों को जनप्रतिनिधियों, विकास साझेदारों और अधिकारियों की मदद से समझाकर टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा। कलेक्टर श्री कोचर ने जिलेवासियों से आग्रह किया कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और अपने बच्चों को टीका अवश्य लगवाएं। विशेष रूप से वे परिवार जो दिल्ली, गुरुग्राम या अन्य राज्यों में कार्यरत हैं और दीपावली पर घर आए हुए हैं, वे प्रस्थान से पहले बच्चों का टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा, एक टीका आपके बच्चे को कई गंभीर बीमारियों से बचा सकता है। इस अभियान को सफल बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है ताकि कोई भी बच्चा हमारा छूट न पाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *