कलेक्टर श्री कोचर ने मास्टर ट्रेनर द्वारा शिक्षकों को दिए जा रहे प्रशिक्षण का लिया जायजा

दमोह । निदानात्मक कक्षाओं के संचालन हेतु लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा मॉड्यूल प्रदान किए गए हैं, इन मॉड्यूल पर आधारित शिक्षण को सरल एवं बोधगम्य बनाने हेतु प्रतिमाह जिले के सभी हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों को मास्टर ट्रेनर द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। पॉलिटेक्निक कॉलेज के चार कक्ष में आयोजित इस प्रशिक्षण के दौरान कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने प्रत्येक कक्ष में जाकर प्रशिक्षण में आवश्यक सुधार हेतु सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से कहा आप जिस भी विषय वस्तु में अपने आप को कठिनाई महसूस करते हैं उसे बेहिचक मास्टर ट्रेनर के संज्ञान में लाएं, जो व्हाट्सएप ग्रुप बने हुए हैं उन व्हाट्सएप ग्रुप पर अपनी समस्या लिखें ताकि सारी समस्याओं के आधार पर अगले माह मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण दे सकें जिससे प्रत्येक शिक्षक की समस्या का भी निदान होगा तथा इसका फायदा विद्यार्थियों को हो सकेगा।

प्रशिक्षण के दौरान निरंतर मास्टर ट्रेनर तथा शिक्षक एक दूसरे से संवाद करें तथा प्रशिक्षण को कक्षा अध्यापन न बनने दे। उन्होंने कहा आगामी 3 माह वार्षिक परीक्षा को शेष हैं जिसमें आप सभी पूर्ण लग्न एवं निष्ठा के साथ अपने विद्यालय में अध्यापन में लग जाए। आगामी प्रशिक्षण सत्रों में बैठक व्यवस्था को आकर्षक बनाने एवं शिक्षकों से अनुरोध फीडबैक प्राप्त करने हेतु भी निर्देशित किया। अंग्रेजी विषय के प्रशिक्षण के दौरान सभी शिक्षकों को अंग्रेजी में दक्षता हासिल करने हेतु अतिरिक्त कक्षाओं के संचालन हेतु निर्देश सबंधित अधिकारियों को दिए। ज्ञात हो कि प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों की विभिन्न विषय वस्तु में आने वाली कठिनाइयों को दूर करना एवं कमजोर विद्यार्थियों को सरल एवं बोधगम्य भाषा में विषय वस्तु के अध्यापन हेतु मार्गदर्शन प्रदान करना है।
