Spread the love

दमोह। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा देश के 12 राज्यों में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इसके लिए आयोग ने अधिसूचना जारी कर दी है और आज से इस पर कार्यवाही प्रारंभ हो गई है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत आज 12 राज्यों के जिला निर्वाचन अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जिसमें पुनरीक्षण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की गई, ताकि सभी दल समय-सीमा और प्रक्रियाओं से पूरी तरह अवगत रहें।

कलेक्टर श्री कोचर ने बताया कि यह विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 28 अक्टूबर 2025 से 6 फरवरी 2026 तक चलेगा। इस अवधि में मतदाता सूची से संबंधित सभी चरणों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण चरण 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर 2025 तक रहेगा, जिसमें घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र (Enumeration Form) दिया जाएगा। मतदाताओं को यह प्रपत्र भरकर लौटाना होगा। इसके आधार पर प्रारूप निर्वाचन नामावली तैयार की जाएगी। इसके पश्चात दावे और आपत्तियाँ आमंत्रित की जाएँगी, और उसके बाद 6 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा। आज अपरान्ह कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नें जिला कार्यालय सभाकक्ष में राजनैतिक दलो की बैठक एवं प्रेस वार्ता विशेष गहन पुनरीक्षण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गयी, इस अवसर पर उप-जिला निर्वाचन अधिकारी मीना मसराम खासतौर पर मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *