
दमोह ! मध्य प्रदेश उर्दू अकादमी, संस्कृति परिषद, संस्कृति विभाग के तत्त्वावधान में ज़िला अदब गोशा दमोह के द्वारा सिलसिला एवं तलाशे जौहर के तहत प्रसिद्ध शायर नैयर दमोह को समर्पित स्मरण एवं रचनापाठ का आयोजन रविवार 2 नवम्बर 2025 को दोपहर 12:00 बजे से अजमेरी मैरिज गार्डन, दमोह में ज़िला समन्वयक अदीब दमोही के सहयोग से किया जाएगा।
उर्दू अकादमी की निदेशक डॉ. नुसरत मेहदी के अनुसार उर्दू अकादमी द्वारा सिलसिला के तहत प्रदेश के सभी ज़िलों में काव्य, साहित्यिक एवं सांगीतिक गोष्ठियां आयोजित की जा रही है। इस वर्ष ज़िलावार सिलसिला एवं तलाशे जौहर कार्यक्रम उन ज़िलों के दिवंगत रचनाकारों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को समर्पित किये गए हैं। अकादमी द्वारा प्रदेश के समस्त ज़िलों में अपने समन्वयकों के माध्यम से ऐसी हस्तियों के नाम ढूंढ कर उनकी स्मृति में कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। इस कड़ी में एक कार्यक्रम दमोह में आयोजित हो रहा है जिसमें दमोह ज़िले के अंतर्गत आने वाले सभी गांवों, तहसीलों एवं बस्तियों के ऐसे स्थापित शायर एवं साहित्यकार अपनी प्रस्तुति देंगे जिन्हें अकादमी के मंचों पर प्रस्तुति का कम अवसर मिला है।
उज्जैन ज़िले के समन्वयक अदीब दमोही ने बताया कि सिलसिला एवं तलाशे जौहर दो सत्रों पर आधारित होगा। प्रथम सत्र में दोपहर 12:00 बजे तलाशे जौहर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी जिसमें ज़िले के नये रचनाकार तात्कालिक लेखन प्रतियोगिता में भाग लेंगे। दूसरे सत्र में दोपहर 2:30 बजे सिलसिला के तहत स्मरण एवं रचना पाठ का आयोजन होगा जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में अरुण टण्डन, विशिष्ट अतिथियों के रूप में शाहिद नूर और वरिष्ठ पत्रकार आज़म ख़ान उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनवारूल हक़ उस्ताद करेंगे।
संगोष्ठी की शुरुआत में प्रसिद्ध शायर नैयर दमोही के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विशिष्ट वक्ता शाहिद दमोही प्रकाश डाल कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे।। इस रचना पाठ में जो शायर एवं साहित्यकार अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे उनमें विशिष्ट आमंत्रित शायर के रूप में छतरपुर के वरिष्ठ शायर अज़ीज़ राबी शामिल होंगे और स्थानीय शायरों /साहित्यकारों में डॉ. प्रेमलता नीलम, मधुलता पाराशर, डॉ. रफ़ीक़ आलम, शकील अमजद सुल्तानी, मंज़र दमोही, नाज़िर दमोही, डा.गणेश राय, डॉ. राशिद, पिम्मी परिहार, मुनव्वर रज़ा ‘साजिद’, इरफ़ान नूरी, कलीम दानिश, राजा साहिल ख़ान, फ़ैसल रज़ा, शोएब दमोही के नाम शामिल हैं।
कार्यक्रम का संचालन ग़ुलाम मुईनुद्दीन ‘अदीब’ दमोही द्वारा किया जाएगा।
डॉ नुसरत मेहदी ने दमोह के सभी साहित्य एवं कला प्रेमियों से कार्यक्रम में उपस्थित होने का आग्रह किया है !
