दीपावली पर्व हमें जीवन में सकारात्मकता और एकता का संदेश देता है – स्मृति खरे

दमोह ! लीनेस मैत्री क्लब दमोह द्वारा एकादशी के दिन दीपावली पर्व का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और पारंपरिक अंदाज़ में किया गया। क्लब की सभी सदस्याएं पारंपरिक वेशभूषा में सजी-धजी नज़र आईं और पूरे वातावरण में उल्लास एवं भक्ति का माहौल छा गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। तत्पश्चात सभी सदस्याओं ने मिलकर दीये जलाए, आरतियां कीं और भक्ति गीत गाकर वातावरण को दिव्य बना दिया। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष स्मृति खरे ने कहा कि दीपावली अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाला पर्व है, जो हमें जीवन में सकारात्मकता और एकता का संदेश देता है। उन्होंने कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन से परेशानियों के अंधेरों को दूर करे और सद्बुद्धि, समृद्धि तथा स्वास्थ्य का उजाला सदैव बना रहे।

एरिया ऑफिसर रोजी बग्गा ने अपने उद्बोधन में कहा कि लीनेस मैत्री क्लब जैसी संस्थाएं जब समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर त्योहार मनाती हैं, तो यह एकता, सहयोग और सौहार्द का संदेश देती हैं।
कार्यक्रम में एकता जुनेजा द्वारा पारंपरिक सजावट की गई, जिसमें दीप, कलश, वाती और धार्मिक प्रतीकों का सुंदर संयोजन किया गया। आकर्षक रांगोली और कलश ने पूरे परिसर की शोभा बढ़ा दी। सभी सदस्याओं ने इस पावन अवसर पर एक साथ मिलकर दीप जलाए और उत्सव का भरपूर आनंद लिया।
इस अवसर पर क्लब की सभी सदस्याएं उपस्थित रहीं और एकता, सहयोग तथा सांस्कृतिक गौरव का संदेश दिया।
