
बालाघाट । हेलमेट की अनिवार्यता को लेकर पुलिस ने सख्त रवैया अपनाया हुआ है। दूसरे दिन भी पुलिस ने शहर के अलग-अलग चौक चौराहों में वाहनों की जांच की। जांच के दौरान हेलमेट नहीं पहनने वाले चालकों से जुर्माना भी वसूला। एसपी आदित्य मिश्रा भी सडक़ पर उतरकर वाहन चालकों को हेलमेट लगाने की नसीहत दे रहे हैं।
अभियान के पहले दिन ही जब एसपी आदित्य मिश्रा वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए समझाईश दे रहे थे। इसी दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाते हुए पूर्व विधायक उमाशंकर मुंजारे को रोका गया। एसपी ने जब उन्हें हेलमेट पहनने की समझाइश दी तो पूर्व विधायक मुंजारे ने जवाब दिया कि मुझे कानून मत सिखाओ, मैं पूर्व विधायक हूं। यह सुनकर मौके पर मौजूद लोगों ने भी पूर्व विधायक के इस व्यवहार पर नाराजग़ी जताई। स्थिति धीरे-धीरे विवाद में बदल गई। एसपी ने जब ड्राइविंग लाइसेंस और गाड़ी के कागजात मांगे, तो पूर्व विधायक ने बदतमीजी से कहा गाड़ी चोरी की है, जो करना है कर लो। इसके बाद पुलिस ने नियम के अनुसार तत्काल 2300 रुपए का चालान काटा। चालान राशि न चुकाने पर उनकी बाइक को थाने लेकर गई। इस तरह से पूर्व विधायक का रवैया ने सिर्फ कानून के खिलाफ था बल्कि समाज को गलत संदेश देने वाला भी था।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने कहा कि सडक़ सुरक्षा नियम सबके लिए समान हैं, जो भी व्यक्ति बिना हेलमेट वाहन चलाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। कानून के सामने कोई बड़ा या छोटा नहीं है।
