विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत प्रेस वार्ता संपन्न

दमोह: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत जिले में मतदाता सूची के अद्यतन का कार्य प्रारंभ हो गया है। यह प्रक्रिया 4 नवम्बर से शुरू हो चुकी है। इस दौरान बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) मतदाताओं के घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं और उन्हें भरवाने में सहायता प्रदान कर रहे हैं। इस आशय की बात आज कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुधीर कुमार कोचर ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मीडियाजनो से एसआईआर और अन्य विषयों पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कही। उन्होने बताया इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन लगातार जनसंपर्क कर रहा है।
उन्होने बताया गत दिवस राजनीतिक दलों के साथ बैठक की थी और प्रयास रहेगा कि प्रत्येक सप्ताह दलों और मीडिया के साथ चर्चा करें, ताकि मतदाता पुनरीक्षण की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके। उन्होंने आम नागरिकों से आग्रह किया जब भी बीएलओ उनके घर पहुंचे, तो वे गणना प्रपत्र को अवश्य भरें और जमा करें। यदि किसी को फॉर्म भरने में कठिनाई होती है, तो बीएलओ उनकी पूर्ण सहायता करेंगे।
